करौली| टीकेतपुरा क्षेत्र में जमीन पर पड़ा 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन का टूटा तार एक ही परिवार के दो बेटों के लिए मौत का फंदा बन गया। शाम करीब 8 बजे खेत की ओर जा रहे दोनों सगे भाई अंधेरे में जमीन पर पड़े बिजली के तार को देख नहीं सके और उसकी चपेट में आ गए। करंट लगने से दोनों बुरी तरह झुलस गए और उनकी मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों व परिजनों की भीड़ जमा हो गई। हादसे में टीकेतपुरा निवासी हंसराम पुत्र श्रीराम (32) और रामबली पुत्र श्रीराम (20) की मौत हुई है। दोनों सगे भाई थे और एक ही मां के बेटे थे। दोनों खेती-बाड़ी का काम करते थे। बताया गया कि शाम को दोनों भाई घर से खेत की ओर जा रहे थे। रास्ते में 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन का तार टूटकर जमीन पर पड़ा था। रात का अंधेरा होने के कारण दोनों को तार दिखाई नहीं दिया और वे उसके संपर्क में आ गए। करंट लगते ही दोनों जमीन पर गिर पड़े और गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। एक ही हादसे में परिवार के दोनों बेटों की मौत की खबर से घर में कोहराम मच गया।