भास्कर न्यूज | भटाणा पादर रामदेव इलाके में गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे एक भालू ने स्कूल से घर लौट रहे 10 वर्षीय छात्र पर हमला कर दिया। बच्चे की मां उसे स्कूल से लेकर घर जा रही थी, तभी रास्ते में झाड़ियों से भालू अचानक बाहर निकला और बच्चे पर झपट पड़ा। परिजनों के अनुसार भालू ने बच्चे को पंजों में दबोच लिया और उसके हाथ पर काट लिया। मां के शोर मचाने पर भालू बच्चे को छोड़कर झाड़ियों की ओर भाग गया। हमले में बच्चा घायल हो गया और वह डर के कारण काफी देर तक रोता रहा। घटना के बाद परिजन और आसपास के लोगों की मदद से बच्चे को तुरंत भटाणा चिकित्सा केंद्र ले जाया गया। वहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। बच्चे की पहचान अनिल कुमार के रूप में हुई है। दिनदहाड़े हमले से ग्रामीणों में दहशत का माहौल आबादी के पास दिनदहाड़े भालू के हमले की घटना से ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में भालू की मौजूदगी का पता लगाने, आबादी वाले क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।