राष्ट्रीय राजमार्ग 11 पर रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। तेज रफ्तार स्कॉर्पियों का अचानक टायर फटने से वाहन अनियंत्रित हो गया और सीधे सड़क किनारे लगे बिजली के ट्रांसफार्मर से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रांसफार्मर खंभे से उखड़कर जोरदार धमाके के साथ पास स्थित सब्जी की दुकान के आगे जा गिरा। हादसे के समय ट्रांसफार्मर में विद्युत प्रवाह चालू था। तेज धमाके की आवाज सुनते ही आसपास के बाजार में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर होते ही मौके पर भारी हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि ट्रांसफार्मर के दुकान के आगे गिरने के बावजूद कोई भी व्यक्ति इसकी चपेट में नहीं आया। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत तत्परता दिखाई और मौके पर दौड़कर क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियों में फंसे सभी सवारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।