भास्कर न्यूज| ब्यावर पुलिस ने 5 महीने से फरार चल रहे लूट व चोरी के आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की 3 मोटरसाइकिल बरामद की हैं। साकेत नगर थानाधिकारी सुरजीत ठोलिया ने बताया कि 28 मई को साकेत नगर निवासी श्रीकुमार वजीरानी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार 20 मई की रात को उनके घर के बाहर खड़ी नीले रंग की एक्टिवा को अज्ञात चोर चुराकर ले गए थे। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध को डिटेन किया। आरोपी की पहचान चिमन सिंह उर्फ चिंटू निवासी शाहपुरा, पुलिस थाना जवाजा के रूप में हुई। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने एक्टिवा चोरी की वारदात स्वीकार की। ​पुलिस पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर चोरी की तीन दोपहिया गाड़ियां भी बरामद की है। ​इसके अलावा आरोपी ने 27 मई को ब्यावर सिटी थाना क्षेत्र में रात के समय लूट की वारदात को भी अंजाम देना स्वीकार किया है।