जूनागढ़ किले की खाई में देर रात एक युवक गिर गया और करीब 12 घंटे तक वहीं घायल अवस्था में फंसा रहा। रविवार दोपहर सूचना मिलने पर सामाजिक संस्थाओं के कार्यकर्ताओं और पुलिस टीम ने रेस्क्यू कर युवक को खाई से बाहर निकाला और उपचार के लिए पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। युवक शनिवार रात करीब 8 से 9 बजे के बीच जूनागढ़ की खाई में गिर गया था। रातभर वह खाई में ही फंसा रहा। रविवार को करीब 12 बजे उसके खाई में घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली तो खिदमतगार खादिम सोसाइटी और असहाय सेवा संस्थान के राजकुमार शोएब भाई, इमरान, जुनैद, राजकुमार खड़गावत सहित अन्य सदस्य एंबुलेंस लेकर मौके पर पहुंचे। वहीं कोटगेट थाना पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की निगरानी में रेस्क्यू टीम ने युवक को खाई से बाहर निकाला। इसके बाद उसे तत्काल एंबुलेंस से पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उसका उपचार शुरू किया गया। युवक की पहचान लक्ष्मण के रूप में बताई जा रही है और वह पंजाब का रहने वाला बताया गया है। फिलहाल उसके घायल होने की स्थिति और हादसे के कारणों को लेकर पुलिस जानकारी जुटा रही है।