जयपुर में आदर्श नगर थाना पुलिस ने करीब 1.60 करोड़ रुपए के जवाहरात खरीदकर ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अलजेब खान (24) निवासी मकान नंबर 3936, सूरजपोल गेट, पहाड़गंज, थाना रामगंज, जयपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी महंगे शौक और अय्याशी की पूर्ति के लिए व्यापारियों को अपने जाल में फंसाता था। वह खुद का विदेश में कारोबार होने का झांसा देकर व्यापारियों का विश्वास जीतता और फिर भारी मात्रा में महंगे नगीनों की खरीद कर रकम हड़प लेता था। व्यापारी से 1.61 करोड़ के नगीनों की खरीद डीसीपी ईस्ट रंजिता शर्मा ने बताया कि परिवादी शुजात अंसारी, निवासी एलेक्जेंडर कॉलोनी, अमृतपुरी ने आदर्श नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिवादी ने बताया कि वह नगीनों का कारोबार करता है। रिपोर्ट के अनुसार, रामगंज के पहाड़गंज निवासी अलजेब खान उससे टूरमलीन स्टोन, पन्ना (Emerald), Tanzanite और सुनहेला (Citrine) आदि खरीदता था। आरोपी ने अच्छे मुनाफे का भरोसा दिलाया। उसके झांसे में आकर परिवादी ने अन्य व्यापारियों से माल खरीदकर आरोपी को दिया। आरोप है कि आरोपी करीब 1 करोड़ 61 लाख रुपए के जवाहरात लेकर फरार हो गया और व्यापारी के साथ ठगी की। मामला दर्ज कर बनाई विशेष टीम मामले में आदर्श नगर थाने में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद आरोपी और ठगी किए गए माल की तलाश के लिए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। थानाधिकारी छगन डांगी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अलजेब खान को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पहले छोटा कारोबार कर जीता विश्वास थानाधिकारी छगन डांगी के अनुसार आरोपी अच्छे और सभ्य परिवार से ताल्लुक रखने का फायदा उठाता था। वह शुरुआत में व्यापारियों के साथ छोटे स्तर पर कारोबार करता और समय पर लेन-देन कर उनका विश्वास जीत लेता था। इसके बाद वह खुद के विदेश जाने और विदेश में कारोबार होने की बात बताकर व्यापारी को अपने झांसे में लेता था। महंगा माल खरीदकर सस्ते में बेच देता था आरोपी व्यापारियों से जवाहरात मुंहमांगी कीमत पर खरीदता था। इसके बाद उन जवाहरात को आगे कम कीमत पर बेच देता था। माल बेचकर मिलने वाली रकम में से कुछ पैसा संबंधित व्यापारी को देता, ताकि उसका भरोसा बना रहे। बाकी रकम वह अपने महंगे शौक, मौज-मस्ती, महंगी पार्टियों और विदेश यात्राओं पर खर्च कर देता था। सस्ते में माल खरीदने वालों की भी होगी जांच पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि उसने पीड़ित व्यापारी का माल कहां और कितने रुपए में बेचा। साथ ही किन लोगों ने आरोपी से कथित तौर पर कम कीमत पर माल खरीदा, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस ठगी के माल की बरामदगी और मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है।