अग्रसेन जयंती समारोह को धूमधाम के साथ मनाने को लेकर अग्रवाल महिला आवासन मंडल की बैठक आयोजित की गई। अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष नीरू गोयल ने की। बैठक में जयंती समारोह के विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में महाराजा अग्रसेन के आदर्शों एवं सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने तथा समाज में एकता, सेवा भावना और सांस्कृतिक चेतना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विविध सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रम करने का निर्णय किया गया। समारोह के दौरान महिलाओं एवं बच्चों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न रचनात्मक, मनोरंजक एवं ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इनमें मेहंदी, अंकुरित अनाज एवं मिलेट्स व्यंजन सजाओ, हाउजी, कुर्सी दौड़, बांधनवार बनाओ, फैंसी ड्रेस एवं बंडल प्रतियोगिता प्रमुख रूप से शामिल रहेंगी। बैठक में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने एवं उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विशेष रूप से अग्र महिला मेला करने का निर्णय किया गया। मेले के माध्यम से महिलाओं को अपने हुनर एवं प्रतिभा को प्रदर्शित करने के साथ स्वरोजगार से जुड़े उत्पादों को मंच प्रदान करने का सुनहरा अवसर मिलेगा। मंडल अध्यक्ष नीरू गोयल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन के आदर्श आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। जयंती समारोह के माध्यम से उनके सेवा, सहयोग, समानता एवं सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का भरपूर प्रयास किया जाएगा। उन्होंने समाज को समाजवाद का संदेश दिया। बैठक में महिला कार्यकारिणी की सदस्य कृष्णा गोयल, प्रियांका गर्ग, मनोज गर्ग, रीना सिंघल, वर्षा बंसल, निधि जैन, अनीता अग्रवाल, शपन्तला देवी सहित अन्य कई पदाधिकारी उपस्थित थी।