जिला हनुमानगढ़ शारीरिक शिक्षक संघ का जिला अधिवेशन शनिवार को राजीव गांधी स्टेडियम, हनुमानगढ़ में उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। अधिवेशन में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से बड़ी संख्या में शारीरिक शिक्षक साथियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान शारीरिक शिक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई और शिक्षकों के हितों व विकास को लेकर साथियों ने अपने सुझाव और विचार रखे। अधिवेशन की अध्यक्षता जिला शिक्षा अधिकारी, शारीरिक शिक्षा भीमसेन वर्मा ने की। उन्होंने शारीरिक शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में शारीरिक शिक्षा और खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने शारीरिक शिक्षकों से अपेक्षा जताई कि वे अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी निर्वहन करें और विद्यार्थियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करें। अधिवेशन में जिला शारीरिक शिक्षक संघ की नई जिला कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन भी किया गया। इसमें अजय कुमार स्वामी को जिला अध्यक्ष, राम प्रताप गोदारा को जिला मंत्री तथा अंग्रेज सिंह को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई। जिलेभर से पहुंचे शारीरिक शिक्षक साथियों की सहमति और सहयोग रहा।