अजमेर में ‘वोट चोरी’ और मतदाता सूची से जुड़े कथित अनियमितताओं के मुद्दे पर कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की। जिला कलेक्ट्रेट के घेराव के दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बैरिकेडिंग की, जिसके बाद कुछ कार्यकर्ता बैरिकेड पर चढ़ गए और कुछ बस के आगे लेट गए। पुलिस ने पूर्व मंत्री, विधायक समेत कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। हालांकि, पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की तो प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हो गई। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट के गेट पर भी चढ़ने की कोशिश की तो पुलिसकर्मियों ने उन्हें खींचकर नीचे उतारा। इसके बाद कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट के बाहर धरने पर बैठ गए। कुछ देर चले प्रदर्शन के बाद पुलिस ने पूर्व मंत्री रघु शर्मा, किशनगढ़ विधायक एवं अजमेर देहात कांग्रेस अध्यक्ष विकास चौधरी, शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल समेत कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। जिसके विरोध में कई कार्यकर्ता बस के आगे लेट गए, जिसके बाद सभी को छोड़ दिया गया। सबसे पहले PHOTO'S में देखें प्रदर्शन…. रघु शर्मा बोले- ज्ञानेश कुमार को हटाया जाए, बैलेट पेपर से चुनाव हो प्रदर्शन के दौरान पूर्व मंत्री रघु शर्मा ने कहा कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने एकतरफा मुख्य चुनाव आयुक्त का चयन किया और सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को कमेटी से हटाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि SIR के माध्यम से अलग-अलग राज्यों में बड़ी संख्या में वोट काटे जा रहे हैं और बिना वेरिफिकेशन के नाम हटाए जा रहे हैं। रघु शर्मा ने कहा कि निर्वाचन आयोग में बैठे दो निर्वाचन अधिकारियों ने 14 बार अपने ऐतराज जताए, लेकिन उनकी बात को दरकिनार किया गया। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर लोकतंत्र की हत्या करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें हटाया जाना चाहिए और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई का रास्ता होना चाहिए। शर्मा ने कहा कि जब तक व्यवस्था नहीं बदलेगी और मुख्य निर्वाचन आयुक्त नहीं हटेंगे, कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा। विकास चौधरी बोले- सीईसी का इस्तीफा नहीं होने तक डटे रहेंगे किशनगढ़ विधायक और अजमेर देहात कांग्रेस अध्यक्ष विकास चौधरी ने प्रदर्शन के दौरान कहा कि वे गिरफ्तारी देने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब तक ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी नहीं हो जाती और उनका इस्तीफा नहीं होता, राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता डटे रहेंगे। चौधरी ने कहा कि आज जिस प्रकार का प्रदर्शन कांग्रेस ने किया है, वह निश्चित तौर पर सरकार के कान खोलने का काम करेगा।