अजमेर में साइबर ठगी की रकम अपने बैंक खाते में लेने वाले 5 हजार के इनामी आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी जितेंद्र कुमार राणा (24) इंद्रा कॉलोनी, हरमाड़ा, अजमेर का निवासी है। पुलिस के अनुसार,साइबर क्राइम पोर्टल पर आरोपी के बैंक खाते में साइबर ठगी की रकम आने की कई शिकायतें दर्ज थीं। कृष्णगंज थाना एसएचओ अरविंद चारण ने बताया कि म्यूल हंटर अभियान के तहत एएसआई पूसाराम को बैंक खाता संख्या 44788531302 की जांच सौंपी गई थी। साइबर क्राइम पोर्टल पर मिली शिकायतों की जांच में इस खाते से जुड़ी कई शिकायतें सामने आईं। इसके बाद कृष्णगंज थाने में बीएनएस और आईटी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच की गई। सर्विस चार्ज और जीएसटी के नाम पर की जा रही ठगी पुलिस के अनुसार, 8 से 15 जनवरी 2026 के बीच लोगों को डिजिटल अरेस्ट, धमकी भरे संदेश, लॉस कवर और मनी हेल्प जैसे संदेशों के जरिए झांसे में लिया गया। उनसे सर्विस चार्ज, जीएसटी चार्ज और विड्रॉल चार्ज के नाम पर रकम ली गई। जांच में आरोपी के खाते में ठगी के लाखों रुपए का ट्रांजैक्शन सामने आया। पुलिस ने जितेंद्र कुमार राणा की तलाश की, लेकिन शुरुआत में उसका पता नहीं चला। इसके बाद उस पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया। पुलिस का कहना है कि जांच में आरोपी की कथित संलिप्तता और ठगी की रकम अपने खाते में लेकर अनुचित लाभ उठाने के सबूत मिले हैं। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच जारी है।