अजमेर की क्लॉक टावर थाना क्षेत्र के केसरगंज में 8 सितंबर को वकील के मकान से करीब 25 लाख रुपए की चोरी के मामले में पुलिस ने आरोपी जुबेर को गिरफ्तार किया है। मूलतः पश्चिम बंगाल के रानीगंज निवासी जुबेर वहां का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ चोरी, नकबजनी, डकैती की साजिश, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट सहित 14 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसके कब्जे से 7 लाख 69 हजार 870 रुपए बरामद किए हैं। एडिशनल एसपी हिमांशु जांगिड़ ने बताया कि चोरी की राशि ज्यादा होने के कारण विशेष टीम गठित की गई थी। सीओ साउथ मनीष बड़गुर्जर के नेतृत्व में एसएचओ भीखाराम काला और टीम ने जांच शुरू की। आरोपी की पहचान के बाद उसे दरगाह क्षेत्र से डिटेन किया गया। सूना मकान देख दीवार तोड़कर घर में घुसा था पुलिस के मुताबिक ब्यावर रोड स्थित नर्सिंग होम के पास रहने वाले एडवोकेट विक्रम मल्होत्रा ने 9 सितंबर को थाने में रिपोर्ट दी थी। उन्होंने बताया कि 8 सितंबर की सुबह करीब 8:55 बजे वे घर से निकलकर सेशन कोर्ट गए थे। इसी दौरान आरोपी पीछे से दीवार तोड़कर मकान में घुस गया। कमरे से लाखों रुपए, एक सैमसंग मोबाइल और सात-आठ घड़ियां चोरी कर लीं। इसके अलावा एक स्मार्टफोन और दो की-पैड मोबाइल भी ले गया। बाकी रकम और साथियों की तलाश पुलिस का कहना है कि जुबेर ने चोरी अकेले की थी। हालांकि उसे संदेह है कि चोरी के बाद वह अजमेर में अन्य लोगों से मिला। पुलिस उसके संभावित साथियों, बाकी चोरी की राशि और अन्य सामान की बरामदगी को लेकर जांच कर रही है।