भीलवाड़ा में चलती बाइक पर सवार एक युवक पर लेपर्ड ने जानलेवा हमला कर दिया। मुख्य मार्ग पर हुई इस घटना के बाद से ग्रामीणों में डर और वन विभाग की कार्यप्रणाली के खिलाफ गुस्सा है। वहां पर रहने वाले लोग इस रास्ते से गुजरने से डरने लगे हैं। साथ ही सभी ने पिंजरा लगाकर लेपर्ड पकड़ने की मांग की है। लोगों का कहना है की पहले भी इस तरह की घटना हो चुकी है। बाइक सवार पर लेपर्ड ने छलांग मारी मामला भीलवाड़ा के करेड़ा थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध आवरा माता मंदिर का है। यहां शुक्रवार को लेपर्ड ने बाइक सवार युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। भीलवाड़ा निवासी नारायण लाल गुर्जर बाइक लेकर चितांबा से करेड़ा की तरफ जा रहा था। रास्ते में मंदिर के पास सड़क किनारे घात लगाकर बैठे एक लेपर्ड ने चलती बाइक पर छलांग लगा दी। अचानक हुए जानलेवा हमले से नारायण लाल संभल नहीं पाया और उसके पैर और हाथ पर नाखूनों के निशान लगे हैं, हमले के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है। इलाके में दहशत का माहौल ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ दिन पहले ही चितांबा गांव के पास खदानों के डंपिंग वाले इलाके में लेपर्ड का मूवमेंट देखा गया था। जिसकी सूचना वन विभाग को भी दी गई थी, लेकिन समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाने के कारण आज मुख्य मार्ग पर बाइक सवार पर हमला हो गया। खुलेआम घूम रहे लेपर्ड के कारण ग्रामीणों में डर और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने लेपर्ड पकड़ने की मांग की दिनदहाड़े और मुख्य मार्ग पर हुए इस हमले के बाद से आसपास के गांवों के लोगों में जबरदस्त दहशत का माहौल है। आक्रोशित ग्रामीणों ने वन विभाग से तुरंत लेपर्ड को पकड़ने के लिए इलाके में पिंजरा लगवाने और गश्त बढ़ाने की मांग की है। साथ ही, आमजन को भी देर शाम के समय इस रास्ते से अकेले न गुजरने की हिदायत दी गई है।