अजमेर नगर निगम की नवनिर्वाचित महापौर अनामिका शर्मा और डिप्टी मेयर हेमंत सांखला ने गुरुवार को वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पदभार ग्रहण किया। वहीं पदभार ग्रहण समारोह के दौरान कांग्रेस पार्षदों को निगम के मुख्य गेट पर ही पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। एंट्री नहीं मिलने पर कांग्रेस पार्षदों ने गेट पर विरोध-प्रदर्शन किया। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा- चुनाव हो चुके हैं। अब विकास के लिए सभी को साथ काम करना चाहिए। उन्होंने विपक्ष से भी अजमेर के विकास में एक टीम के रूप में काम करने का आह्वान किया। शहर के लोगों को परिवार समझकर सेवा करूंगी: मेयर अनामिका पदभार ग्रहण के बाद महापौर अनामिका शर्मा ने कहा- यह केवल पदभार नहीं, बल्कि बड़ी जिम्मेदारी है। सभी वरिष्ठों ने मुझ पर विश्वास जताया है। जिसे मैं पूरी निष्ठा और कर्तव्य के साथ निभाऊंगी। उन्होंने कहा- अजमेर वासियों को अपना परिवार समझकर सेवा करूंगी। सभी के विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करूंगी। डिप्टी मेयर हेमंत सांखला ने वरिष्ठ नेताओं, संगठन और विधायक अनिता भदेल का आभार जताया। उन्होंने कहा- मुझे शहर की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। 80 वार्डों के सभी पार्षदों को साथ लेकर काम किया जाएगा। भाजपा का बोर्ड होने के बावजूद किसी के साथ भेदभाव नहीं किया जाएगा। सभी के सहयोग से अजमेर को स्वच्छ और सुंदर बनाने का काम किया जाएगा। निगम परिसर में आयोजित समारोह में उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी, विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, विधायक अनिता भदेल, देवनारायण बोर्ड अध्यक्ष ओमप्रकाश भडाणा सहित भाजपा के कई नेता, पार्षद और नागरिक मौजूद रहे। विपक्ष को भी साथ लेकर चलने की बात: देवनानी विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा- मैं अजमेर के पार्षदों, डिप्टी मेयर और जनता का आभार व्यक्त करता हूं। उन्होंने कहा कि चुनाव हो चुके हैं और अब विकास के लिए सभी को साथ काम करना चाहिए। देवनानी ने कहा- जनता ने जिस पर विश्वास व्यक्त किया है। अब सभी को कंधे से कंधा मिलाकर अजमेर के विकास में एक-दूसरे का सहयोग करना चाहिए। अजमेर को देश का उत्कृष्ट शहर बनाने का संकल्प: दीया कुमारी उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने महापौर अनामिका शर्मा और डिप्टी मेयर हेमंत सांखला को पदभार ग्रहण करने पर बधाई दी। उन्होंने कहा- केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार प्रदेश को विकसित राजस्थान और विकसित भारत की दिशा में आगे ले जा रही है। उन्होंने कहा- अब अजमेर को भी इसी विकास की कड़ी से जोड़कर राजस्थान ही नहीं, बल्कि देश के उत्कृष्ट और विकसित शहरों में शामिल करने की दिशा में काम तेज किया जाएगा। प्रभारी मंत्री के रूप में उन्होंने अजमेर के विकास कार्यों में पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया। कांग्रेस पार्षदों को गेट पर रोका, विरोध-प्रदर्शन डिप्टी मेयर पद के कांग्रेस प्रत्याशी रहे पार्षद नौरत गुर्जर ने भाजपा पर सत्ता के दुरुपयोग का आरोप लगाया। उन्होंने कहा- भाजपा के पास 32 पार्षद होने के बावजूद खरीद-फरोख्त के जरिए महापौर बनाया गया। इसके बाद डिप्टी मेयर का चुनाव भी प्रशासन के साथ मिलीभगत कर पर्ची से कराने का आरोप लगाया। नौरत ने कहा- कांग्रेस पार्षद जनता द्वारा चुने गए हैं। इसके बावजूद हमें पदभार ग्रहण समारोह में प्रवेश नहीं दिया जा रहा। उन्होंने इसे सत्ता का दुरुपयोग बताया।