अजमेर नगर निगम के 80 वार्डों के लिए शुक्रवार सुबह 7 बजे शुरू हुआ मतदान शाम 6 बजे खत्म हुआ। 11 घंटे चले मतदान में 63.65% मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। मतदान के दौरान शहर के अलग-अलग बूथों पर कई तस्वीरें सामने आईं। कहीं फर्जी वोटिंग के आरोप को लेकर हंगामा हुआ तो कहीं वोटर आईडी को लेकर विवाद हुआ। कुछ बूथों पर EVM में तकनीकी खराबी के चलते कुछ देर मतदान प्रभावित रहा। वहीं कांग्रेस की पूर्व विधानसभा प्रत्याशी द्रौपदी कोली बिना आईडी मतदान केंद्र पहुंचीं तो उन्हें वापस लौटना पड़ा। बाद में मोबाइल में आईडी दिखाने पर उन्हें वोट डालने की अनुमति दी गई। वृंदावन स्कूल में दिव्यांगों और बुजुर्गों के लिए व्हीलचेयर की व्यवस्था थी, लेकिन आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के नहीं पहुंचने से परिजनों को उन्हें मतदान केंद्र तक ले जाने में परेशानी हुई। इसी केंद्र पर भाजपा प्रत्याशी पर मतदान केंद्र में प्रवेश कर माहौल खराब करने का आरोप भी लगा। दूसरी ओर आर्य पुत्री स्कूल में 95 साल की मां को बेटा गोद में लेकर मतदान कराने पहुंचा। बूथों पर युवा और बुजुर्ग मतदाताओं में भी मतदान को लेकर उत्साह नजर आया। कलेक्टर और एसपी ने मतदान केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया, जबकि पुलिस पूरे मतदान के दौरान अलर्ट रही। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी और अजमेर दक्षिण विधायक अनिता भदेल ने भी मतदान किया। अजमेर नगर निगम चुनाव में कुल 4 लाख 38 हजार 39 मतदाता थे। अब 14 सितंबर को मतगणना होगी और प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला सामने आएगा। देखें वोटिंग की तस्वीरें… 6 बजे तक कहां कितने प्रतिशत वोटिंग… चुनाव से जुड़े अपडेट......