अजमेर में लूट और चाकूबाजी की दो अलग-अलग वारदातों में पुलिस ने शुक्रवार को कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी ने भीलवाड़ा से लौट रहे रीजनल कॉलेज के प्रोफेसर से लूट की वारदात को अंजाम दिया था, जिसके कब्जे से कोतवाली थाना पुलिस ने मोबाइल बरामद किया है। वहीं, गंज थाना पुलिस ने चाय विक्रेता पर चाकू से हमला करने वाले बदमाश को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में यूज किया गया चाकू भी बरामद किया। प्रोफेसर से लूट का आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल बरामद अजमेर में भीलवाड़ा से लौटे रीजनल कॉलेज के प्रोफेसर वैद्य प्रकाश आर्य से लूट के मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। मदद के बहाने बाइक पर बैठाकर बदमाश कचहरी रोड से डीआरएम कार्यालय के पास ले गए और यहां उनका मोबाइल और पर्स में रखे 2 हजार रुपए लूटकर आरोपी फरार हो गए थे। फिलहाल पुलिस मामले में अन्य आरोपी की तलाश में जुटी है। पुलिस ने एक को किया गिरफ्तार, दूसरा चल रहा फरार कोतवाली थाना प्रभारी रमेश्वरी के अनुसार, शुक्रवार को इंदिरा कॉलोनी निवासी अब्दुल सलीम उर्फ शाहरुख को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उसके पास से एक मोबाइल बरामद किया है। आरोपी से पूछताछ कर वारदात में शामिल दूसरे व्यक्ति जानकारी जुटाई जा रही है। मछली पकड़ने की बात पर चाय विक्रेता को चाकू मारा अजमेर के रामप्रसाद घाट पर मछली पकड़ने की बात को लेकर हुए विवाद में चाय विक्रेता पर चाकू से हमला करने के मामले में गंज थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में यूज किया गया धारदार चाकू भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, 8 अक्टूबर की शाम चाय विक्रेता और फुटपाथ पर रहने वाले एक व्यक्ति के बीच कहासुनी हुई थी। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर व्यक्ति ने चाय विक्रेता पर चाकू से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस ने चलाया तलाशी अभियान एएसआई गणपत लाल ने बताया कि घटना के बाद पुलिस ने आनासागर चौपाटी और आसपास के फुटपाथ क्षेत्रों में तलाश अभियान चलाया। संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसकी पहचान मोहम्मद जीवन निवासी 24 परगना, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई। मामले में आरोपी से पूछताछ जारी है। घूघरा में विधवा के घर दिनदहाड़े 20 लाख की चोरी, 12 दिन पहले पति की मौत अजमेर के घूघरा गांव में दिनदहाड़े एक विधवा महिला के मकान में चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर मकान के ताले तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चुरा ले गए। चोरी हुए सामान की कीमत करीब 20 लाख रुपए बताई जा रही है। खास बात यह है कि महिला के पति की मौत महज 12 दिन पहले ही हुई थी। जानकारी के अनुसार, मकान मालकिन संतोष सुबह खेत पर काम करने गई थी। पीछे से चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाया। घर पहुंची बेटी ने ताले टूटे देखे तो मां को सूचना दी। संतोष घर पहुंची तो सामान बिखरा मिला और जेवरात व नकदी गायब थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है। क्रिकेट सट्टे के लिए घर उपलब्ध कराने वाला 5 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार अजमेर की कृष्णागंज थाना पुलिस ने क्रिकेट मैच में सट्टे के लिए आरोपियों को मकान उपलब्ध कराने वाले 5 हजार रुपए के इनामी आरोपी ललित कुमार बदलानी (52) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 12 मई 2026 को बालाजी नगर में ललित बदलानी के मकान पर क्रिकेट सट्टा चलने की सूचना मिली थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी मुकेश कुमार उर्फ जुम्मा सहित अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर सट्टे में इस्तेमाल उपकरण जब्त किए थे। मामले में जांच के दौरान ललित कुमार की सट्टे के लिए मकान उपलब्ध कराने में भूमिका सामने आई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे अनुसंधान जारी है।