अजमेर शहर में बोरवेल पर बाड़े में बने टीनशेड की कोठरी में रिटायर्ड तहसीलदार महेशदत्त शर्मा का शव फंदे पर लटका मिला। चौकीदार बाड़े पर पहुंचा, तब घटना का पता चला। इसके बाद उनके बड़े भाई और अन्य परिजन भी मौके पर पहुंचे। परिवार ने मौत पर संदेह जताया है। वहीं पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें पारिवारिक विवाद की बात सामने आ रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मामला गंज थाना क्षेत्र का है। पुलिस आज पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपेगी। घर से 400 मीटर दूर मिला शव पुलिस के अनुसार- महेशदत्त शर्मा करीब 6 साल पहले डेगाना से तहसीलदार के पद से रिटायर्ड हुए थे। उनका मकान वरुण अभिनंदन गार्डन के पास है। मकान से करीब 400 मीटर दूर स्थित बाड़े से वाटर सप्लाई का काम होता था। अपने बेटे के साथ बोरवेल से वाटर सप्लाई का काम भी करते थे। गुरुवार शाम वे घर से बोरवेल पर गए थे। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर चौकीदार बाड़े पर पहुंचा। वहां टीनशेड में बनी कोठरी में शर्मा फंदे पर लटके मिले। घटना की सूचना पर दरगाह वृत्ताधिकारी हर्षित शर्मा और गंज थानाधिकारी नरेंद्र सिंह राठौड़ मौके पर पहुंचे। इसके बाद एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर हिमांशु जांगिड़ और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण लालचंद कायल ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। सबूत जुटाने के लिए एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया। पुलिस कथित सुसाइड नोट और घटनास्थल से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। फिलहाल मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। रिटायर्ड तहसीलदार के तीन बेटियां और एक बेटा है।