अलवर उद्योग नगर थाना क्षेत्र में मिट्टी के चूल्हे पर खाना बनाते समय एक महिला करीब 90 फीसदी झुलस गई, जिसे गंभीर हालत में अलवर जिला अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती करवाया गया है। घटना शुक्रवार शाम भजीट गांव की है। जानकारी के अनुसार, भजीट निवासी कृष्ण की पत्नी तीजा शुक्रवार शाम घर में मिट्टी के चूल्हे पर खाना बना रही थी। इसी दौरान चूल्हे की आग को तेज करने के लिए वह उसमें केरोसिन डालने लगी। पास में चल रहे पंखे की हवा के कारण अचानक आग की लपटें भड़क उठीं और तीजा की साड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। आग पकड़ते ही महिला ने चीख-पुकार मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर दौड़े परिजनों ने काफी मशक्कत के बाद कपड़ों में लगी आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक तीजा का शरीर 90 फीसदी तक झुलस चुका था। अस्पताल के बर्न वार्ड में इलाज जारी हादसे के तुरंत बाद परिजन आनन-फानन में झुलसी हुई महिला को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे तुरंत बर्न वार्ड में शिफ्ट कर इलाज शुरू किया। डॉक्टरों के मुताबिक महिला की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।