अलवर के अरावली की पहाड़ियों के बीच स्थित लोकदेवता महाराज भर्तृहरि की पावन धरा पर आज मेले का विधिवत शुभारंभ हुआ। मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और बाबा भर्तृहरि के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। धार्मिक गीतों और भजनों के बीच श्रद्धालु जमकर झूमते नजर आए। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति और उल्लास का माहौल रहा। अलवर ग्रामीण विधायक एवं नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने रिबन काटकर मेले का शुभारंभ किया। उनकी पत्नी गीता जूली भी साथ मौजूद रहीं। दोनों ने बाबा भर्तृहरि के दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। पूजा-अर्चना के बाद जूली भी धार्मिक गीतों पर हाथ में झंडा लिए श्रद्धालुओं के साथ झूमते नजर आए। देखिए- मेले की PHOTOS जूली ने कहा कि अलवर जिले के मशहूर बाबा भर्तृहरि के लक्की मेले का आज शुभारंभ हुआ है।ये बाबा भर्तृहरि की तपों भूमी रही हैं,पूरे प्रदेश की तरक्की की प्राथना की हैं। मेले में दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन किए। अरावली की पहाड़ियों के बीच भक्ति गीतों की गूंज और श्रद्धालुओं की भीड़ से मंदिर परिसर का माहौल भक्तिमय बना रहा। मेला कमेटी की ओर से इस बार आयोजन को प्लास्टिक और डिस्पोजल मुक्त रखने की पहल भी की गई है।