अलवर शहर के काली मोरी स्थित मोती नगर नाले के पास शनिवार रात करीब सवा 10 बजे एक बेकाबू तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार तीन युवकों बहुत तेजी से टक्कर मार दी। बाइक के परखच्चे उड़ गए और नाले की 5 फीट ऊंची पक्की दीवार ध्वस्त हो गई। टक्कर के बाद एक युवक उछलकर गहरे नाले में जा गिरा। हादसे में तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सिटी सीओ राजेश कसाना और अरावली बिहार थाना प्रभारी सुनील टांक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। परिजनों का दावा: रंजिश के चलते कार से कुचलकर मारा अस्पताल परिसर में मृतकों के परिजनों और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक युवराज के पिता नेमीचंद सैनी ने आरोप लगाया कि यह सामान्य दुर्घटना नहीं, बल्कि सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या है। युवराज का कॉलोनी के ही कुछ युवकों (सचिन मीणा व अन्य) से पुराना विवाद चल रहा था। जिस कार से बाइक को पीछे से टक्कर मारी गई, वह सचिन मीणा के नाम पर ही रजिस्टर्ड है।कार में 4 से 5 युवक सवार थे, जो वारदात के तुरंत बाद गाड़ी को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। बचपन के दोस्त थे तीनों, परिवारों का सहारा छिना मृतकों की पहचान चोर डूंगरी निवासी जितेंद्र उर्फ छोटू (22) पुत्र बजरंग सिंह राजपूत, तहसीलदार कॉलोनी निवासी युवराज उर्फ युवी (21) पुत्र नेमीचंद सैनी और काला कुआं निवासी हिमांशु (22) पुत्र धर्मेंद्र शर्मा के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों की ज़बानी: तेज धमाका हुआ, दीवार ढह गई प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक आगे चल रही थी और अत्यधिक तेज रफ्तार में कार उसके पीछे आ रही थी। काली मोरी जीएसएस बाउंड्री के पास तीखे मोड़ पर पीछे से आ रही कार ने सीधे बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के तेज धमाके के साथ कार और बाइक नाले की दीवार से टकराए। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के एयरबैग खुल गए और बाइक सवार नाले में जा गिरे। अरावली विहार थाना पुलिस का कहना है कि “प्रारंभिक जांच में मामला तेज रफ्तार के कारण दुर्घटना का लग रहा है, लेकिन परिजनों द्वारा रंजिश और हत्या का आरोप लगाए जाने के बाद पुलिस हर एंगल से मामले की गहनता से जांच कर रही है। शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपा जाएगा।”