कोटा शहर की घनी आबादी और तंग गलियों में अब आग की दुर्घटनाओं पर काबू पाना आसान होगा। नगर निगम कोटा ने आपातकालीन सेवाओं को और मजबूत बनाने के लिए आधुनिक फायर बाइक वाटर मिस्ट बेड़े में शामिल की हैं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राकेश व्यास ने बताया कि जहां पर छोटा अग्निशमन वाहन भी नहीं पहुंच सकता। ऐसे संकरे स्थानों और घनी आबादी वाले क्षेत्रों के लिए हमने दो फायर बाइक खरीदी हैं। आग जैसी घटना होने पर ये फायर बाइक वहां आसानी से पहुंचकर तुरंत फायर फाइटिंग शुरू कर सकती है। इसमें 9-9 लीटर के दो बॉडी पैक उपलब्ध हैं, जो मिस्ट फॉर्मेशन तकनीक पर काम करते हैं। दो फायर फाइटर आसानी से घटनास्थल पर पहुंचकर आग पर काबू पा सकते हैं। उन्होंने बताया कि यह बाइक केवल तंग गलियों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि अगर किसी इमारत की दूसरी या तीसरी मंजिल पर भी आग लगती है, तो फायर फाइटर इस उपकरण को पीठ पर पहनकर आसानी से ऊपर जा सकते हैं। तुरंत वॉटर मिस्ट स्प्रे से आग पर नियंत्रण पा सकते हैं। यह फायर बाइक अत्याधुनिक तकनीक से लैस है। हाईप्रेशर केफ वाटर मिस्ट टेक्नोलॉजी का 9 लीटर का बैकपैक फायर बाइक में हाईप्रेशर केफ वाटर मिस्ट टेक्नोलॉजी का 9 लीटर का बैकपैक उपलब्ध है। इसमें 8 लीटर पानी और 1 लीटर फोम का मिश्रण प्रयोग किया जाता है। वाटर मिस्ट स्प्रे तकनीक के जरिए कम पानी में बहुत ही प्रभावी ढंग से और तेजी से आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया जा सकता है।