अलवर जिले में नगरीय निकाय आम चुनाव के पहले चरण में बुधवार (9 सितंबर) को वोटिंग होगी। नगर निगम अलवर के अलावा 4 नगर पालिकाओं के 165 वार्डों में वोटिंग कराने वाले दल मंगलवार को अलवर के कला कॉलेज में अंतिम ट्रेनिंग दी जा रही है। यहां से ट्रेनिंग लेकर मतदान दल ईवीएम के साथ बूथों पर रवाना होंगे। अगले दिन बुधवार सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोटिंग होगी। इस चरण में कुल 3 लाख 28 हजार 710 मतदाता हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी (नगरीय निकाय) डॉ. आर्तिका शुक्ला ने बताया कि शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंगलवार (8 सितंबर) सुबह 9 बजे से अंतिम प्रशिक्षण के बाद पोलिंग पार्टियों को उनके संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जाएगा। सभी नगर पालिकाओं के मतदान दलों को उनके संबंधित निकाय मुख्यालयों से सामग्री बांटकर रवाना किया जाएगा। आपात स्थिति के लिए 10 प्रतिशत मतदान दलों को रिजर्व रखा गया है। कहां कितने मतदाता और पोलिंग पार्टियां नगर निगम अलवर में 2,68,292 मतदाता हैं | यहां 249 मतदान दल हैं। नगर पालिका रामगढ़ में 27,005 मतदाता हैं। यहां 35 मतदान दल पहुंचेंगे। नगर पालिका बहादुरपुर में 15,775 मतदाता हैं। यहां 25 मतदान दल हैं। नगर पालिका मालाखेड़ा में 9,555 मतदाता हैं । यहां 20 मतदान दल हैं। नगर पालिका नौगांवा में 8,083 मतदाता हैं। यहां 20 मतदान दल हैं।