जयपुर एयरपोर्ट पर रविवार को सेलेब्रिटीज की आवाजाही देखने को मिली। लीजेंड्री सिंगर सुरेश वाडकर अपनी पत्नी के साथ जयपुर पहुंचे, वहीं पंजाबी गायिका अफसाना खान भी शहर में लाइव परफॉर्मेंस देने के लिए आईं। दूसरी ओर अभिनेता जहांगीर खान पिछले करीब एक महीने से जयपुर और आसपास की अलग-अलग लोकेशन पर वेब सीरीज 'आश्रम 4' की शूटिंग करने के बाद लौटे। तीनों कलाकारों की मौजूदगी से शहर में मनोरंजन जगत से जुड़ी गतिविधियां चर्चा में रहीं। सुरेश वाडकर अपनी सुरीली आवाज और शास्त्रीय संगीत की मजबूत पकड़ के लिए पहचाने जाते हैं। जयपुर में होने वाले कार्यक्रम में वे गजल, शास्त्रीय संगीत, बॉलीवुड के लोकप्रिय गीतों और भजनों की प्रस्तुति देंगे। वहीं अफसाना खान पंजाबी संगीत की अपनी खास आवाज और ऊर्जावान मंचीय प्रस्तुतियों के लिए जानी जाती हैं। देखिए एयरपोर्ट पर सेलेब्रिटीज के फोटो..
सुरेश वाडकर की आवाज में गूंजेंगे बॉलीवुड गीत और भजन भारतीय संगीत जगत में अपनी अलग पहचान रखने वाले सुरेश वाडकर का गायन शास्त्रीय संगीत की बारीकियों और भावपूर्ण अंदाज के लिए जाना जाता है। उन्होंने हिंदी और मराठी फिल्मों के साथ-साथ भक्ति संगीत के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय योगदान दिया है। जयपुर में होने वाली उनकी प्रस्तुति में संगीत की अलग-अलग विधाओं का संगम देखने को मिलेगा। सुरेश वाडकर के फिल्मी गीतों की बात करें तो 'प्रेम रोग' का 'मेरी किस्मत में तू नहीं शायद', 'चांदनी' का 'लगी आज सावन की फिर वो झड़ी है', 'राम तेरी गंगा मैली' का 'हुस्न पहाड़ों का' और 'परिंदा' का 'तुमसे मिलके ऐसा लगा' जैसे गीत आज भी श्रोताओं के बीच लोकप्रिय हैं। इन गीतों में उनकी आवाज का भावपूर्ण अंदाज सुनने को मिलता है। इसके अलावा 'उत्सव' का 'सांझ ढले गगन तले' और 'दिल' का 'ओ प्रिया प्रिया' भी उनके चर्चित गीतों में शामिल हैं। संगीत के क्षेत्र में योगदान के लिए सुरेश वाडकर को पद्मश्री और संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार जैसे सम्मान मिल चुके हैं। 'तितलियां' से देशभर में पहचान बनाने वाली अफसाना खान पंजाबी गायिका अफसाना खान भी जयपुर में लाइव परफॉर्मेंस देने पहुंची हैं। अपनी दमदार आवाज के लिए पहचानी जाने वाली अफसाना ने पंजाबी संगीत जगत में अपनी अलग जगह बनाई है। अफसाना खान ने वर्ष 2012 में गायन रियलिटी शो 'वॉइस ऑफ पंजाब' के तीसरे सीजन में हिस्सा लेकर अपने करियर की शुरुआत की थी। इस शो में वह शीर्ष पांच प्रतिभागियों में शामिल हुईं। इसके बाद वर्ष 2017 में वह 'राइजिंग स्टार' के पहले सीजन में नजर आईं और शीर्ष सात प्रतिभागियों तक पहुंचीं। अफसाना को देशभर में बड़ी पहचान गीत 'तितलियां' से मिली। सिद्धू मूसेवाला के साथ उनके गाने 'धक्का' ने भी खूब चर्चा बटोरी। इसके अलावा 'जानी वे जानी', 'बाजार' और 'धोखेबाज' जैसे गानों के जरिए उन्होंने अपनी गायकी का दायरा बढ़ाया। 'आश्रम 4' की शूटिंग के लिए एक महीने जयपुर में रहे जहांगीर खान अभिनेता जहांगीर खान भी जयपुर एयरपोर्ट पर नजर आए। वह पिछले करीब एक महीने से जयपुर और आसपास की विभिन्न लोकेशन पर वेब सीरीज 'आश्रम 4' की शूटिंग में व्यस्त थे। शूटिंग पूरी होने के बाद अब वह शहर से लौटे हैं। सीरीज में वह अहम किरदार निभा रहे हैं। प्रकाश झा के निर्देशन में बनी 'आश्रम' सीरीज में बॉबी देओल बाबा निराला के किरदार में नजर आते हैं। कहानी और इसके किरदारों ने सीरीज को दर्शकों के बीच खास पहचान दिलाई है। जहांगीर खान इससे पहले 'पान सिंह तोमर', 'दिलवाले' और 'गंगूबाई काठियावाड़ी' जैसी फिल्मों में भी काम कर चुके हैं। वह फिल्मों और वेब सीरीज में अलग-अलग भूमिकाओं के जरिए अभिनय करते रहे हैं। 'आश्रम' से उनका जुड़ाव भी उनके करियर का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।