कांग्रेस आज राज्य के अलग-अलग जिलों में ‘वोट चोरी’ के मुद्दे को लेकर चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन कर रही है। इस दौरान अलवर में मिनी सचिवायल के बाहर पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर कांग्रेसियों को रोक लिया। कांग्रेस कार्यकर्ता बैरिकेडिंग के ऊपर चढ़कर कूदते हुए पुलिस से उलझ गए। देश के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला जलाया और फिर गिरफ्तारियां दी। इस दौरान एएसपी डॉ दीपक और डीएसपी राजेश कसाना सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे। जिन्होंने कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किया। लेकिन वे रुके नहीं। कांग्रेसी नारेबाजी करते हुए बेरिकेडिंग के ऊपर से कूदकर मिनी सचिवालय में चले गए। बाद में पुलिस से काफी खींचतान भी हुई। इस दौरान कुछ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को हल्की चोट भी आई है। सबसे पहले बेरिकेडिंग से शहर कांग्रेस के अध्यक्ष अंकित गोयल कूदे। उसके बाद कार्यकर्ता व नेता सब बेरिकेडिंग के ऊपर से आ गए। बाद में अंदर घुसते समय पुलिस से काफी धक्का-मुक्की हुई। एएसपी दीपक शर्मा व सिटी सीओ राजेश कसाना ने पुलिसकर्मियों के साथ मिलकर कांग्रेसियों को रोकने का खूब प्रयास किया। संवैधानिक संस्थाओं पर कब्जा, 13 करोड़ वोटों की चोरी: प्रकाश गंगावत प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रकाश गंगावत ने कहा- पूरे देश में बीजेपी सरकार ने संवैधानिक संस्थाओं पर कब्जा कर लिया है। करीब 13 करोड़ वोटों की चोरी कर सरकार बनाई गई है। हरियाणा विधानसभा चुनाव में मतदान के दिन और नतीजे के दिन के आंकड़ों में बड़ा अंतर सामने आया था, जिससे साफ होता है कि चुनाव आयोग निष्पक्ष नहीं है। अलवर में भी वोटों और पार्षदों की चोरी का आरोप जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि यह प्रदर्शन सिर्फ चुनाव आयोग ही नहीं, बल्कि बीजेपी की नीतियों के खिलाफ है। अलवर में भी चुनावों के दौरान वोटों की चोरी की गई। अब निकाय चुनावों में पार्षदों की खरीद-फरोख्त की जा रही है। आज मिनी सचिवालय का घेराव कर विरोध दर्ज कराया गया है। आने वाले दिनों में कांग्रेस पार्टी इस आंदोलन को और उग्र करते हुए पूरे प्रदेश में सड़क पर उतरेगी।