अलवर के अरावली विहार थाना क्षेत्र में बिजली की समस्या ठीक करने पहुंचा कर्मचारी अचानक करंट की चपेट में आ गया और खंभे से करीब 15 फीट नीचे आ गिरा, जिससे युवक गंभीर रूप से झुलस गया और घायल हो गया। कर्मचारी को तुरंत अलवर के सामान्य अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया है। मामला अरावली विहार थाना क्षेत्र स्थित श्रीराम कॉलोनी में आज सुबह का है। कर्मचारी बिजली लाइन ठीक करने के लिए 15 फीट ऊंचे खंभे पर चढ़ा था। अचानक 11 हजार केवी की लाइन में करंट आ गया, जिसने कर्मचारी को चपेट में ले लिया। वह संविदा पर काम करता है। कनिष्ठ अभियंता से मांगी थी शटडाउन की पुष्टि गंभीर रूप से घायल कर्मचारी अभय सिंह जाट (निवासी ढाकपुरी, मालाखेड़ा) ने बताया कि वह एक निजी कंपनी के जरिए बिजली विभाग में कार्यरत है। श्रीराम कॉलोनी में फॉल्ट सुधारने के लिए उसने इंदिरा गांधी स्टेडियम के पास स्थित बिजली कार्यालय में तैनात कनिष्ठ अभियंता (JEN) रवि विजय को फोन कर शटडाउन की मांग की थी। गंभीर लापरवाही आई सामने पीड़ित कर्मचारी का आरोप है कि कनिष्ठ अभियंता द्वारा शटडाउन दिए जाने की स्पष्ट पुष्टि के बाद ही वह खंभे पर चढ़ा था। लेकिन लाइन में हाईवोल्टेज सप्लाई चालू ही थी। जैसे ही उसने काम शुरू किया, 11 हजार केवी करंट की चपेट में आ गया। अभय सिंह ने सीधे तौर पर बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की घोर लापरवाही को इस हादसे का जिम्मेदार ठहराया है। फिलहाल पुलिस व विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।