अलवर-बहरोड़ रोड स्थित डहरा शाहपुर टोल प्लाजा पर रविवार रात 10 बजे विवाद हो गया। फास्टैग से टोल कटने पर युवाओं ने जमकर तोड़फोड़ कर दी। इस दौरान टोल बूथ के मुनीम की आंख पर चोट लग गई। सीसीटीवी में करीब 12 से ज्यादा लोग हाथों में लाठी लेकर नजर आए। टोल बूथ के बैरियर भी तोड़ दिए। मुनीम ने मारपीट करने वालों पर 25 हजार रुपए लूटने का आरोप भी लगाया है। घटना से जुड़ी तस्वीरें… पैसे वापस लौटाने की बात पर भी नहीं माने दबंग टोल मैनेजर जुबेर खान ने बताया- नानेड़ी (नंदनहेड़ी) गांव निवासी अकरम की गाड़ी के फास्टैग से टोल कट गया था। टोलकर्मी भगत सिंह ने उसे समझाया और कटे हुए पैसे तुरंत वापस करने का आश्वासन भी दिया। इसके बावजूद अकरम गाली-गलौज करने लगा। कुछ ही देर में अकरम ने गांव से इमरान, इंसाफ, मनकू, नब्बो, इरफान और मनफूद सहित कई लोगों को लाठी-डंडों के साथ बुला लिया। टोल पर तोड़फोड़, मुनीम से 25 हजार रुपए छीने मौके पर पहुंचे लोगों ने टोल बूथों पर जमकर तोड़फोड़ की। मुनीम भगत सिंह पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में मुनीम की आंख पर गंभीर चोट आई है। आरोपी मुनीम की जेब में रखे कैश काउंटर के 25 हजार रुपए भी छीनकर फरार हो गए। पुलिस ने दो आरोपियों को लिया हिरासत में सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल मुनीम का मेडिकल करवाया। पीड़ित पक्ष की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल दो आरोपियों को डिटेन (हिरासत में) कर लिया है। टोल प्रशासन के अनुसार उक्त असामाजिक तत्वों द्वारा पहले भी 1-2 बार टोल पर विवाद और मारपीट की घटनाएं की जा चुकी हैं। फिलहाल पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।