राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में बढ़ते प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए परिवहन विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) के निर्देशों के तहत 1 जनवरी 2027 से पूरे एनसीआर क्षेत्र में डीजल से चलने वाले ऑटो-रिक्शा के संचालन पर पूरी तरह से रोक लगा दी जाएगी। प्रादेशिक परिवहन कार्यालय, अलवर की ओर से जारी आदेश के अनुसार- जिले में वर्तमान में पंजीकृत 583 डीजल ऑटो ड्राइवरों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। इन सभी वाहन मालिकों को 31 दिसंबर 2026 तक अपने डीजल ऑटो को हर हाल में सीएनजी (CNG) या इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) में अपग्रेड करना होगा। वरना इन्हें जब्त कर लिया जाएगा। इसको लेकर परिवहन विभाग के अधिकारियों ने अलवर में ऑटो मालिकों से समझाइश भी की है। समय बीतने पर होगी सख्त कार्रवाई परिवहन विभाग के डीटीओ सविता भारद्वाज ने बताया कि परिवहन निरीक्षक रामदेवा की टीम ने मंगलवार को मंडी मोड स्टैंड पर ऑटो ड्राइवरों और मालिकों को नए नियमों की जानकारी दी। अधिकारियों ने साफ शब्दों में हिदायत दी कि 31 दिसंबर 2026 तक या तो वे अपने वाहनों को स्वच्छ ईंधन विकल्प में बदल लें या फिर अलवर क्षेत्राधिकार से बाहर ले जाएं अधिकारियों की चेतावनी:1 जनवरी 2027 से यदि सड़क पर कोई भी डीजल ऑटो रिक्शा चलता हुआ पाया गया, तो सख्त प्रवर्तन कार्रवाई (सीज व जब्ती) अमल में लाई जाएगी।