अलवर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र स्थित बायो वेस्ट निस्तारण कंपनी में रोलर मशीन के अंदर बैठकर सफाई कर रहे एक मजदूर के दोनों पैर कट गए। हादसे के बाद कंपनी परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में घायल को अलवर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना आज सुबह साढ़े 6 बजे की है। पीड़ित की पहचान सुनील वाल्मीकि (34) भरतपुर जिले के नदबई स्थित कसौली गांव निवासी के रूप में हुई है। घटना के वक्त सुनील के साथ मौके पर मौजूद सहकर्मी सुरेश ने बताया कि सुनील मशीन सर्विस का काम करता है। आज भी वह मशीन की सर्विस के लिए उसके अंदर घुसा था, उसी दौरान किसी कर्मचारी ने अनजाने में मशीन का स्विच ऑन कर दिया, जिससे सुनील का पैर ब्लेड रोलर में फंस गया और उसके दोनों पैर पूरी तरह कट गए। 2 घंटे की मशक्कत के बाद मशीन काटकर निकाला बाहर हादसे के बाद सहकर्मियों के हाथ-पांव फूल गए। आनन-फानन में कर्मचारियों ने कटर से मशीन के हिस्सों को काटना शुरू किया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुनील को गंभीर हालत में मशीन से बाहर निकाला जा सका। अलवर जिला अस्पताल में उसे गंभीर हालत में भर्ती कराया है। उद्योग नगर थाना पुलिस ने घटस्थल का मुआयना कर मामला दर्ज कर लिया है और हादसा किस स्तर की लापरवाही से हुआ, इसकी जांच शुरू कर दी है।