अलवर जिले के खेड़ली-रेल गांव में सोमवार रात चोरों ने रिटायर्ड आर्मी सूबेदार के घर में चोरी की वारदात की। चोर 15 से 20 हजार रुपए नगद और सोने-चांदी के गहने चुरा ले गए। मामले में मंगलवार सुबह करीब 7 बजे पड़ोसियों ने फोन कर मालिक को चोरी होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर अलमारी और बक्सों के ताले टूटे मिले और सामान बिखरा हुआ था। बतादें, चोरों ने इसी रात पास स्थित एक एक्सपोर्ट मशीन सेंटर में भी चोरी का प्रयास किया। जानकारी के अनुसार खेड़ली-रेल गांव में धोबीटा कुआं के पास रिटायर्ड सूबेदार रामस्वरूप का मकान है। पिछले करीब 15 दिन से तबीयत खराब होने के कारण रामस्वरूप अपने बेटे के पास अलवर शहर गए हुए थे। घर पर उनकी पुत्रवधू आशा सांखला रहती हैं, जो आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं। आशा ने बताया कि सोमवार को आंगनबाड़ी का सामान डिस्ट्रीब्यूशन करने के बाद वह करीब 3 बजे अलवर चली गई थीं। इसके बाद रात में चोरों ने सूना मकान देखकर वारदात की। पड़ोसियों ने चोरी की सूचना उसे फोन करके दी। आशा के अनुसार चोर करीब 50 से 100 ग्राम चांदी के जेवर, हाथ-पैर के कड़े, चांदी के पांच सिक्के, चांदी के चांद-सूरज, सोने का ओम और 15 से 20 हजार रुपए की नकदी ले गए। पास के एक्सपोर्ट सेंटर में भी चोरी का प्रयास चोरों ने पास ही भगवान सिंह के एक्सपोर्ट मशीन सेंटर को भी निशाना बनाया। यहां से टाउजर के बने पीस चोरी कर लिए, जबकि मशीन और इन्वर्टर भारी होने के कारण उन्हें ले जाने में सफल नहीं हो सके। सूचना पर खेड़ली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य माध्यमों से अज्ञात चोरों की तलाश कर रही है।