अलवर जिले में मां ने अपने दो बच्चों की हत्या कर सुसाइड कर लिया। 3 साल की बेटी घर के बाहर खेलने जाने की जिद कर रही थी। वह बेटी और बेटे को पकड़कर कमरे में ले गई और गेट बंद कर लिया। कमरे के अंदर उसने दोनों बच्चों पर कैंची से वार कर दिया। इसके बाद महिला ने खुद पर भी कैंची से वार कर लिया। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और गेट को धक्का देकर खोला तो महिला और दोनों बच्चे लहूलुहान हालत में मिले। लोगों ने उनको खेड़ली के उपजिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने महिला के बेटे को मृत घोषित कर दिया। इलाज के दौरान महिला और उसकी बेटी ने भी दम तोड़ दिया। महिला की छोटी बहन की शादी भी इसी घर में हो रखी है। उसने बहन और बच्चों को लहूलुहान हालत में देखा तो सिर दीवार पर मार दिया, जिससे वह भी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे अलवर रेफर किया गया है। घटना दांतिया गांव में सुबह करीब 9 बजे हुई। कमरे का गेट बंद कर हमला जानकारी के अनुसार, ऊषा शर्मा पत्नी अमित शर्मा निवासी दांतिया ने 5 साल के बेटे मुकुल और 3 साल की बेटी नंदिता पर कैंची से वार किया और फिर खुद पर भी वार कर लिया। तीनों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तीनों की मौत हो गई। ऊषा का पति अमित शर्मा गुजरात में एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। ऊषा का देवर अंकित शर्मा, जो उसकी छोटी बहन का पति भी है, जयपुर के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में नर्सिंगकर्मी है। घटना के समय ऊषा के ससुर बृजभूषण शर्मा गांव में एक प्रत्याशी के चुनाव प्रचार के लिए गए हुए थे। वहीं, सास और ननद, मनीषा के दोनों बच्चों को लेकर खेत पर गई हुई थी। घटना की सूचना मिलने पर कठूमर सीओ जोगिंदर सिंह राजावत और खेड़ली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। मां और दोनों बच्चों के शव खेड़ली अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाए गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के पीछे के कारणों और पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। इनपुट-: रोहित सिंघल