रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए उत्तर-पश्चिम रेलवे की 3 प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों को नए स्टेशन मालाखेड़ा, सांभर लेक और कपासन पर प्रायोगिक तौर पर रोकने की मंजूरी दे दी है। रेलवे बोर्ड के संयुक्त निदेशक विवेक कुमार सिन्हा की ओर से यह आदेश जारी किए हैं। इन ठहरावों को जल्द ही लागू किया जाएगा। रेलवे प्रशासन ने इन स्टेशनों पर टिकट बिक्री पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि समीक्षा के बाद ठहराव को आगे भी जारी रखा जा सके। देखें किस ट्रेन को मिला कहां ठहराव जैसलमेर-काठगोदाम रानीखेत एक्सप्रेस (15013/15014): अलवर क्षेत्र के यात्रियों की सुविधा के लिए इस ट्रेन का ठहराव मालाखेड़ा स्टेशन पर दिया गया है। बाड़मेर-जम्मूतवी एक्सप्रेस (14661/14662): अब यह ट्रेन सांभर लेक स्टेशन पर भी रुकेगी। बांद्रा टर्मिनस-उदयपुर एक्सप्रेस (22901/22902): मेवाड़ क्षेत्र के लोगों के लिए इस ट्रेन को कपासन स्टेशन पर रोकने की स्वीकृति दी गई है। रेलवे बोर्ड ने संबंधित रेल मंडलों को इन ठहरावों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और जल्द नई समय-सारणी लागू करने के निर्देश जारी किए हैं।