अलवर में शहर के क्रॉस प्वाइंट मॉल से चोर 30 हजार के कपड़े चोरी कर ले गए। चोरों ने दुकान के अंदर बैठकर पहले आराम से जींस और टी-शर्ट पहनकर ट्रायल किया, फिर जो कपड़े फिट आए, उन्हें बटोरकर बैग में भर ले गए। दुकान मालिक नितिन अरोड़ा ने बताया कि क्रॉस प्वाइंट मॉल में उनकी ए-12 नंबर की शॉप है। वे शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे अपनी दुकान रोजाना की तरह बंद करके घर गए थे। शनिवार सुबह पड़ोस के दुकानदार ने फोन पर सूचना दी कि उनकी दुकान में सामान बिखरा हुआ है। बगल का गेट भी टूटा है। सूचना पर जब वे दुकान पहुंचे तो देखा कि चोरों ने मुख्य शटर के बाद दूसरी तरफ लगे एल्यूमिनियम गेट की कुंडी तोड़कर अंदर प्रवेश किया था। दुकान का पूरा सामान अस्त-व्यस्त बिखरा पड़ा था। चोरों ने जल्दबाजी में चोरी करने के बजाय तसल्ली से कपड़े पसंद किए और फिटिंग चेक करने के बाद ब्रांडेड जींस व टी-शर्ट ले उड़े। पुलिस को दी सूचना, फिर भी नहीं पहुंची पीड़ित दुकानदार नितिन अरोड़ा ने घटना की तुरंत जानकारी शिवाजी पार्क थाना पुलिस को दी। हालांकि, परिजनों और आसपास के व्यापारियों में इस बात को लेकर रोष है कि सूचना देने के काफी देर बाद तक भी शिवाजी पार्क थाना पुलिस मौके पर जांच के लिए नहीं पहुंची। पुलिस की इस सुस्ती से मॉल के व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।