अलवर जेल सर्किल स्थित अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल कॉलेज में ठेके पर तैनात सफाई कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर पिछले 4 दिनों से हड़ताल पर हैं। सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप होने से मेडिकल कॉलेज परिसर में गंदगी का आलम है, जिससे आने-जाने वालों और कॉलेज स्टाफ को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। 'प्रिंसिपल के बंगले पर कराते हैं झाड़ू-पोछा' हड़ताली कर्मचारियों का आरोप है कि ठेकेदार उनसे तय काम के अलावा गैर-जरूरी काम करा रहा है। कर्मचारियों ने कहा कि हमारी नियुक्ति मेडिकल कॉलेज की सफाई व्यवस्था के लिए हुई है, लेकिन हमसे पेड़-पौधों की कटाई-छंटाई के साथ-साथ प्रिंसिपल के सरकारी आवास पर भी सफाई और घरेलू काम कराया जाता है। विरोध करने पर दबाव बनाया जाता है। सफाईकर्मी महिला रीना व भारती ने कहा कि सफाई का काम मेडिकल कॉलेज का है। लेकिन प्रिंसिपल के आवास पर भी सफाई कराई जाती है। उनके घर पर लॉन की घास की कटाई कराई जाती है। गेंती फावड़ा चलवाते हैं। पिछले करीब 3 साल से परेशान हैं। मूल सफाई काम छोड़कर प्रिंसिपल मैडम के घर काम कराया जाता है। यह हम नहीं कर सकते हैं। इसलिए चार दिन से हड़ताल पर हैं। एसआई पीएफ को लेकर जुड़ी समस्याओं का समाधान नहीं किया है। 10 दिन का समय मांगा, लेकिन समाधान नहीं कर्मचारियों ने बताया कि ठेकेदार ने समस्याओं के निस्तारण के लिए 10 दिन की मोहलत मांगी है, लेकिन काम के घंटों और अतिरिक्त कार्य को लेकर अब तक कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला है। इसके अलावा लंबे समय से लटके पीएफ से जुड़े मुद्दों पर भी कर्मचारियों ने जल्द समाधान की मांग की है। कर्मचारियों का साफ कहना है कि जब तक उनकी नियुक्ति के अनुसार काम तय नहीं होता और पीएफ की समस्या दूर नहीं की जाती, वे काम पर वापस नहीं लौटेंगे। यदि जल्द ही ठोस कदम नहीं उठाए गए तो हड़ताल को अनिश्चितकाल के लिए आगे बढ़ाया जाएगा।