अक्टूबर का आखिरी सप्ताह अजमेर में सुबह-शाम की ठंडक बढ़ा सकता है। फिलहाल दिन में धूप से गर्मी बनी हुई है, लेकिन सुबह शाम मौसम में बदलाव महसूस होने लगा है। बुधवार को न्यूनतम 18.6 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, 23-24 अक्टूबर के आसपास सक्रिय होने वाले पश्चिमी विक्षोभसे अजमेर संभाग में मौसम बदल सकता है। कहीं-कहीं हल्की बारिश और 30 से 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मौसम विज्ञानी डॉ. विजय घई ने बताया कि अक्टूबर में अजमेर का अधिकतम तापमान कई वर्षों में 35 से 38 डिग्री के आसपास रहा है। रात के तापमान में भी उतार-चढ़ाव रहा है। वर्ष 2021 में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री और 2020 में 14.6 डिग्री तक पहुंचा था। इस बार अक्टूबर के अंतिम दिनों में रात का पारा 16-17 डिग्री तक पहुंचने की संभावना मौसम की परिस्थितियों पर निर्भर करेगी।