पंचायतीराज चुनाव के बीच उदयपुर संभाग के सलूंबर जिले के भाजपा जिलाध्यक्ष को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। मामले में जिलाध्यक्ष ने एसपी को रिकॉर्डिंग भेजकर घटना की जानकारी दी। घटना के 15 मिनट बाद ही आरोपी पूर्व सरपंच को गिरफ्तार कर लिया गया। सलूंबर के भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर जोशी ने आरोप लगाया कि पूर्व सरपंच ने उन्हें फोन कर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी दी। पार्टी टिकट को लेकर शुरू हुआ विवाद सलूंबर के भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर जोशी ने आरोप लगाया कि पूर्व सरपंच ने उन्हें फोन कर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी दी। जोशी ने मामले की जानकारी पुलिस अधीक्षक विशनाराम विश्नोई को दी। जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर जोशी के अनुसार, मंगलवार रात 10:32 बजे सल्लाड़ा का पूर्व उप सरपंच डीएस सिंह का उनके पास फोन आया। जोशी बुधवार को होने वाली भाजपा कोर कमेटी की बैठक में शामिल होने के लिए मंगलवार रात जयपुर जा रहे थे। इसी दौरान आए कॉल पर आरोपी ने कथित तौर पर उनके साथ गालीगलौज की और जान से मारने की धमकी दी। टिकट मिलने की उम्मीद पूरी न होने पर बढ़ा विवाद भाजपा जिलाध्यक्ष जोशी ने बताया कि डीएस सिंह अपने समर्थकों के लिए सलूंबर के वार्ड 2 से मनोहर सिंह और वार्ड 12 से कुर सिंह को पार्टी का टिकट दिलाने की पैरवी कर रहे थे। टिकट मिलने की उम्मीद पूरी नहीं होती देख विवाद बढ़ गया और इसी दौरान धमकी देने का आरोप सामने आया है। जोशी ने कहा कि उन्होंने इस दौरान फोन की रिकॉर्डिंग कर ली थी , जो उन्होंने रात को ही एसपी को भेजी। उन्होंने कहा कि धमकी देने वाला हिस्ट्रीशटर है। जयपुर होने से रिपोर्ट नहीं दी अब पुलिस में मामला दर्ज कराने जा रहा हूं। चुनावों के बीच जिलाध्यक्ष को धमकी से गर्माया माहौल चुनावी माहौल में भाजपा जिलाध्यक्ष को धमकी मिलने की सूचना के बाद पुलिस सक्रिय हो गई है। जोशी ने पुलिस से मामले में कार्रवाई करने और सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि तथ्यों की पुष्टि के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।