अलवर नगर निगम के चुनाव में गुरुवार से नामांकन भरने शुरू हो जाएंगे। कांग्रेस ने 1 से 3 नाम के पैनल तैयार कर लिए हैं। वहीं 15 से 20 वार्डों के टिकट की घोषणा 27 अगस्त को की जा सकती है। कांग्रेस ने पैनल भी क्रम से तैयार किए हैं। एक नंबर पर जिसका नाम है, उसे सबसे अधिक मजबूत माना गया है। वहीं बीजेपी के भी 65 में से करीब 63 वार्डों के पैनल तैयार हैं। एक वार्ड में 2 से 3 ही नाम है। बीजेपी 28 अगस्त को पहली सूची में 15 वार्ड के टिकट घोषित करने की तैयारी में है। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष प्रकाश गंगावत ने बताया- पैनल तैयार हो गए हैं। ज्ल्दी कुछ वार्ड के टिकट घोषित किए जाएंगे। संभावना है कि पहली सूची 27 अगस्त को जारी हो सकती है। नामांकन के पहले दिन नेता प्रतिपक्ष के कार्यालय पर भीड़ नगर निकाय चुनाव के नामांकन शुरू होने से एक दिन पहले नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के कार्यालय पर अलवर शहर में टिकट मांगने वालों की भीड़ रही। टिकट के दावेदारों के साथ उनके कार्यकर्ता भी पहुंचे। अलवर शहर से भी कई वार्ड के दावेदार नेता प्रतिपक्ष से मिले हैं। वहीं गांवों से भी काफी लोग अपनी मजबूत पकड़ बनाने के मकसद से आए। ताकि आने पंचायत चुनाव में टिकट मिलने में आसानी हो सके। नामांकन जमा करने के लिए केवल 3 दिन नगरीय निकाय चुनाव-2026 के नामांकन गुरुवार यानी 27 अगस्त से जमा होने शुरू हो जाएंगे। वहीं 31 अगस्त तक सुबह 10ः30 बजे से दोपहर 3 बजे तक (राजकीय अवकाश को छोड़कर) नामांकन भरे जा सकते हैं। नामांकन जमा कराने के लिए नेताओं के केवल 3 दिन 27, 29 और 31 अगस्त का दिन मिलेगा। अतिरिक्त जिला कलेक्टर शहर और रिटर्निंग अधिकारी नगर निगम अंबालाल मीणा ने बताया- इस बार नगरीय निकाय चुनाव के लिए राजकीय अवकाश होने के कारण नाम निर्देशन पत्र केवल तीन दिन 27, 29 और 31 अगस्त को भरे जा सकते हैं। नामांकन में अभ्यर्थी की खुद, परिवार सहित अन्य विभिन्न प्रकार की विस्तृत जानकारी भरी जानी है। इसलिए अभ्यर्थी नाम निर्देशन की अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द अपना नाम निर्देशन पत्र भरें। यहां से ले सकते हैं नाम निर्देशन पत्र मिनी सचिवालय के ग्राउंड फ्लोर के कमरा नंबर 81 ए, ग्राउंड फ्लोर के कमरा नंबर 66 के पास, ग्राउंड फ्लोर के कमरा नंबर 49 तथा ग्राउंड फ्लोर के कमरा नंबर 17 के पास लगाई गई हैल्प डेस्क से सिक्योरिटी राशि जमा कराकर नॉमिनेशन लैटर ले सकते हैं। उन्होंने बताया- नगर निगम के वार्ड पार्षद के सामान्य वर्ग के उम्मीदवार लिए 6 हजार रुपए और अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं महिला उम्मीदवार के लिए 3 हजार रुपए प्रतिभूति राशि जमा करानी होगी। नगर पालिकाओं के वार्ड पार्षद के सामान्य वर्ग के उम्मीदवार लिए 2 हजार रुपए एवं अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं महिला उम्मीदवार के लिए 1 हजार रुपए सिक्योरिटी राशि जमा करानी होगी, जिसकी रसीद दी जाएगी। यहां जमा होंगे नॉमिनेशन लैटर नगर निगम अलवर के लिए वार्ड संख्या 1 से 13 के लिए मिनी सचिवालय के कमरा नंबर 16 ( ग्राउंड फ्लोर), वार्ड संख्या 14 से 26 के लिए मिनी सचिवालय के कमरा नंबर 32 ( ग्राउंड फ्लोर), वार्ड संख्या 27 से 39 के लिए मिनी सचिवालय के कमरा नंबर 83 ( ग्राउंड फ्लोर), वार्ड संख्या 40 से 52 के लिए मिनी सचिवालय के कमरा नंबर 66 ( ग्राउंड फ्लोर) और वार्ड संख्या 53 से 65 के लिए मिनी सचिवालय के कमरा नंबर 78 ( ग्राउंड फ्लोर) में नाम निर्देशन पत्र जमा कराए जा सकेंगे। इसी प्रकार नगर पालिका संबंधित नगर पालिका स्तर पर रिटर्रिंग अधिकारी के समक्ष नॉमिनेशनल लैटर प्रस्तुत किए जा सकेंगे। उन्होंने बताया- 1 सितम्बर नॉमिनेशनल लैटर की जांच होगी, 3 सितम्बर दोपहर 3 बजे तक अभ्यर्थिता वापस ले सकेंगे और 4 सितम्बर को चुनाव चिन्हों का आवंटन होगा। उन्होंने बताया- 9 सितंबर को पहले चरण और दूसरे चरण 11 सितम्बर मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक और 14 सितम्बर को मतगणना होगी।