अलवर में नगर निगम पार्षदों के चुनाव की नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन केवल 2 फॉर्म जमा हुए। अब नामांकन जमा करने के सिर्फ दो दिन हैं। संभावना है कि शनिवार को नामांकन जमा कराने वाले और उनके साथ आने वाले समर्थकों की भीड़ ज्यादा रहेगी। नामांकन के आखिरी दिन सबसे ज्यादा भीड़ पड़ने की संभावना है। जिसकी वजह यही है कि कांग्रेस व बीजेपी दोनों पार्टियां अपने प्रत्याशियों की घोषणा आखिरी दिन ही करेंगी। हालांकि नामांकन के दिन संभावति प्रत्याशियों को फोन पर सूचना दे दी जाएगी। वैसे दोनों पार्टियों ने अलवर के 65 में से करीब 10 से 15 वार्ड के प्रत्याशियों को फोन पर अवगत करा दिया है कि आप तैयारी करो। लेकिन सूची आने के बाद आमजन को मालूम चल सकेगा। ज्यादातर निर्दलीय चुनाव लड़ने वाले शनिवार को नामांकन जमा कराने आएंगे। बीजेपी व कांग्रेस के दोनों प्रत्याशियों से करीब दो गुना से अधिक निर्दलीय प्रत्याशियों के नामांकन भरे जा सकते हैं। नामांकन दाखिल करने के लिए मिनी सचिवालय में वार्डवार अलग-अलग कमरे निर्धारित किए गए हैं। वार्ड नंबर 1 से 13 तक के प्रत्याशी कमरा नंबर 17 से नामांकन फॉर्म लेकर वहीं जमा कर सकते हैं। वार्ड 14 से 26 तक के लिए कमरा नंबर 32, वार्ड 27 से 39 के लिए कमरा नंबर 83, वार्ड 40 से 52 के लिए कमरा नंबर 66 तथा वार्ड 53 से 65 तक के लिए कमरा नंबर 78 निर्धारित किया गया है। हर वार्ड के नामांकन के लिए अलग रूम पहले दिन अलवर नगर निगम के एससी रिजर्व वार्ड नंबर 11 से पूर्व पार्षद देवेंद्र रसगनिया ने नामांकन दाखिल किया था। जिसने बीजेपी व निर्दलीय के तौर पर दो फॉर्म जमा कराए हैं। देवेंद्र रसगनिया का कहना है कि भाजपा यदि उन्हें टिकट देती है तो वे पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे, अन्यथा निर्दलीय। वहीं, वार्ड नंबर 50 से महिला प्रत्याशी ललिता देवी ने निर्दलीय के रूप में नामांकन फॉर्म दाखिल किया है। नामांकन जमा करने के लिए केवल 2 दिन नामांकन 27 अगस्त से जमा होना शुरू हो गए। पहले दिन दो नामांकन आए। 31 अगस्त तक सुबह 10ः30 बजे से दोपहर 3 बजे तक (राजकीय अवकाश को छोड़कर) नामांकन भरे जा सकते हैं। नामांकन जमा कराने के लिए अब केवल 29 और 31 अगस्त का दिन है। 28 अगस्त को अवकाश है और 30 अगस्त का रविवार है। निवार्चन अधिकारी का कहना है कि नामांकन में अभ्यर्थी की खुद, परिवार सहित अन्य विभिन्न प्रकार की विस्तृत जानकारी भरी जानी है। इसलिए अभ्यर्थी नाम निर्देशन की अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द अपना नाम निर्देशन पत्र भरें।