बीजेपी की सुमनलता अग्रवाल अलवर नगर निगम की पहली मेयर बन गई हैं। 42 वोट के साथ बीजेपी का बोर्ड बन गया है। बीजेपी को 13 निर्दलीय और बीएसपी पार्षद का समर्थन मिला। वहीं, कांग्रेस की दावेदार कमलेश शर्मा को केवल 23 वोट मिले। जीत के बाद मेयर अपनी बेटी को गले लगाकर रोने लगीं। वहीं उनके समर्थकों ने जीत का जश्न मनाया। मेयर ने भास्कर से बातचीत में कहा- हमारी पार्टी के पदाधिकारियों का अच्छा रोल रहा। सभी ने मदद की। इस बार किसी तरह का डर नहीं था। अलवर का विकास और कचरा मुक्त बनाना, बिजली की व्यवस्था और नाली की सफाई प्राथमिकता होगी। बता दें कि अलवर में बीजेपी के 28 और कांग्रेस के 23 पार्षद थे। ऐसे में दोनों पार्टियों की नजर निर्दलीयों पर थी। बहुमत के लिए 33 पार्षद की जरूरत थी। बोर्ड बनाने के लिए दोनों ही पार्टियों को निर्दलीयों का समर्थन जरूरी था। निर्दलीयों और एक अन्य का समर्थन मिलने पर बीजेपी की जीत हुई। देखिए- मेयर चुनाव से जुड़ी PHOTOS चुनाव से जुड़े अपडेट- निर्दलीयों के बिना नहीं बना सकते थे बोर्ड: अलवर नगर निगम में कुल 65 वार्ड पार्षद बने हैं। इसमें से बीजेपी के 28 और कांग्रेस के 23 पार्षद हैं। 13 निर्दलीय पार्षद बने हैं। एक बसपा से जीते हैं। बहुमत के लिए 33 पार्षद की जरूरत थी। इसके हिसाब से बीजेपी को 5 निर्दलीय पार्षदों और कांग्रेस को 10 निर्दलीय पार्षदों का साथ जरूरी था। बीजेपी का दावा था कि उनके पास 40 पार्षद हैं। कांग्रेसी भी जादुई नंबर जुटाने का दावा करती आ रहे थे। अलवर के पार्षद पिछले करीब 11 दिनों से बाड़ेबंदी में हैं। वन मंत्री बोले: भाजपा अच्छे बहुमत से बोर्ड बनाने जा रहीं: वन मंत्री संजय शर्मा ने रिजल्ट से पहले दावा किया था कि इस बार अलवर नगर निगम में भाजपा की महापौर प्रत्याशी सुमनलता अग्रवाल बनने जा रही हैं। उन्होंने कहा था कि भाजपा के पास फिलहाल 40 पार्षदों का समर्थन है। इनमें 28 पार्षद भाजपा के टिकट पर जीतकर आए हैं, जबकि 12 निर्दलीय पार्षद भाजपा के साथ हैं। डिप्टी मेयर का चुनाव 22 को: नगर निकाय के उपाध्यक्ष पद के निर्वाचन की समस्त प्रक्रिया एक दिन में ही की जानी है, जिसके तहत दिनांक 22 सितम्बर को सुबह 10 से 11 बजे के बीच फॉर्म भर कर जमा कराए जाएंगे, 11.30 बजे से फॉर्म की संवीक्षा होगी। दोपहर 2 बजे से पूर्व नाम वापसी की जा सकेगी। इसके बाद यदि मतदान आवश्यक हुआ तो 2.30 से 5 बजे के मध्य मतदान कराया जाएगा और तुरंत पश्चात मतगणना कर परिणाम की घोषणा कर दी जाएगी। पल-पल के अपडेट के लिए ब्लॉग से गुजर जाइए…