अलवर में नेटवर्क मार्केटिंग में निवेश के नाम पर 2.13 लाख रुपए हड़प लिए। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि रकम लेने के बाद उसके साथ मारपीट की गई, जातिसूचक गालियां दी गईं और जान से मारने की धमकी दी गई। कोतवाली थाना क्षेत्र के स्वर्ग रोड निवासी आर्किटेक्ट आदर्श किशोर बासोदिया ने मेहताब सिंह का नोहरा निवासी वेद कौशिक पर आरोप लगाए। मामले में परिवादी आदर्श किशोर ने एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम से संबंधित विशेष कोर्ट में परिवाद पेश किया है। नेटवर्क मार्केटिंग में कम समय में ज्यादा मुनाफे का दिया झांसा परिवाद के मुताबिक, आदर्श किशोर की मुलाकात वेद कौशिक से उसके क्लाइंट के माध्यम से हुई थी। आरोप है कि वेद ने उसे ऑनलाइन नेटवर्क मार्केटिंग कंपनी में निवेश करने पर कम समय में अधिक मुनाफा मिलने का प्लान बताया। परिवादी का दावा है कि उसने अलग-अलग योजनाओं में कुल 1 लाख 35 हजार रुपए निवेश किए थे। इनमें 50 हजार रुपए तीन महीने के लिए और 35 हजार रुपए दो महीने के लिए लगाए गए थे। इसके बाद फिज के ऑफर में भी 50 हजार रुपए निवेश किए गए। पीड़ित ने पैसे मांगे तो आरोपी ने फोन उठाना किया बंद परिवाद में बताया गया है कि इन निवेशों पर लाभ सहित कुल 2 लाख 13 हजार 750 रुपए मिलने थे। 28 फरवरी 2026 को भुगतान नहीं होने पर आरोपी ने कंपनी में परेशानी होने की बात कही। बाद में 10 प्रतिशत पेनल्टी के साथ भुगतान करने का आश्वासन दिया गया। 11 अप्रैल को आरोपी ने यूपीआई के जरिए 10 हजार और 5 हजार रुपए लौटाए, लेकिन बाकी रकम नहीं दी। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने फोन उठाना बंद कर दिया और नंबर ब्लैकलिस्ट कर दिया। 17 मई को रास्ते में मुलाकात होने पर परिवादी ने रुपए मांगे तो आरोपी ने जातिसूचक शब्दों से अपमानित करते हुए गाली-गलौज की, थप्पड़ मारने और धक्का-मुक्की करने का आरोप है। परिवादी का कहना है कि आरोपी ने दोबारा रुपए मांगने पर जान से मारने की धमकी भी दी। फिलहाल परिवादी ने इस्तगासे के जरिये मामला दर्ज करा दिया हैं पुलिस मामले की जांच कर रही हैं।