अलवर में प्रदर्शन कर रहे एनएसयूआई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने खदेड़ दिया। पुलिस ने नांगली सर्किल पर सरकार का पुतला फूंककर प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं को उठाया। इस दोनों कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प हुई। पुलिस वैन में बैठे कार्यकर्ताओं ने कहा- हम कोई आतंकवादी नहीं है, जो हमारे साथ ये व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार से सरकार को ऐसा क्या लगाव है, जो इस्तीफा नहीं लिया जा रहा है। एनएसयूआई कार्यकर्ता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग और दिल्ली में युवाओं को पुलिस की ओर से पकड़ने का विरोध किया जा रहा था। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने संविधान की डायरी हाथ में लेकर नारेबाजी की। देखिए, एनएसयूआई कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन की PHOTOS एनएसयूआई के प्रदेश महासचिव बोले-युवा अपने हक की लड़ाई जारी रखेंगे पुलिस ने विनोद जाटव और अंकित गुर्जर सहित अन्य कार्यकर्ताओं को डिटेन किया। पुलिस वैन में बैठे अंकित गुर्जर ने कहा कि वे देश से भाजपा रूपी घास को उखाड़कर रहेंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री से भी इस्तीफे की मांग की। एनएसयूआई के प्रदेश महासचिव विनोद जाटव ने आरोप लगाया कि सरकार दिल्ली और प्रदेश में युवाओं को प्रदर्शन करने नहीं करने दे रही है। सरकार के इशारे पर पुलिस युवाओं को डिटेन कर रही है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर एसआईआर के नाम पर करोड़ों वोटों की चोरी कराने का आरोप लगाते हुए उनके इस्तीफे की मांग की। जाटव ने कहा कि युवा अपने हक की लड़ाई जारी रखेंगे और ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा लेकर रहेंगे। एनएसयूआई ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो रविवार से जिला मुख्यालय पर भी प्रदर्शन किया जाएगा।