जयपुर के सीकर रोड पर खेतान हॉस्पिटल के सामने बुधवार दोपहर तेज रफ्तार रोडवेज बस ने कारों और स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूटी बस के टायर के नीचे आ गई। हादसे में स्कूटी सवार महेश चौधरी का का पैर फ्रैक्चर हो गया। वहीं मौके पर बाइक पर बैठी महिला भी बस की चपेट में आने से गंभीर घायल हो गई। भगत ढाणी निवासी घायल तुलसी देवी (49) ने हॉस्पिटल ले जाते से समय रास्ते में दम तोड़ दिया। वहीं उनके बेटे को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। तुलसी देवी अपने बड़े बेटे के साथ विद्याधर नगर से भगत की ढ़ाणी स्थित आवास जा रही थी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने रोडवेज बस चालक को पकड़ लिया। पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना पर मुरलीपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को थाने ले आई। दुर्घटना में दो कारें और दोपहिया वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। दोपहर तीन बजे हुआ हादसा मुरलीपुरा थानाधिकारी वीरेंद्र कुरील ने बताया- हादसा दोपहर करीब 2 बजकर 45 मिनट पर हुआ। तेज रफ्तार बस ने पहले दो कार को टक्कर मारी, फिर एक स्कूटी को चपेट में ले लिया। स्कूटी बस के आगे के टायर के नीचे आ गई। दुर्घटना में स्कूटी सवार व्यक्ति का पैर टूट गया, जबकि 49 वर्षीय तुलसी देवी की मौत हो गई। जबकि स्कूटी सहित दो कारें क्षतिग्रस्त हो गईं। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को मुरलीपुरा थाने पहुंचाया है। बस चालक से पूछताछ, पुलिस कर रही जांच हादसे के बाद लोगों ने बस चालक राकेश कुमार (30) निवासी श्रीमाधोपुर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी से प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि हादसे की वजह ब्रेक नहीं लगना सामने आया है। बस ड्राइवर ने बताया कि ब्रेक के नीच कुछ वस्तु के आ जाने से ब्रेक नहीं लगे। हालांकि पुलिस मामले में आरोपी से पुछताछ के बाद हादसे के कारणों को लेकर जांच कर रही है।