पंचायती राज चुनाव को लेकर अलवर जिले में सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। पंचायती राज चुनाव में कांग्रेस से टिकट दावेदरों की भीड़ बुधवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह के आवास पर पहुंची। यहां दावेदार अपने समर्थकों के साथ आए। वहीं नेहरू गार्डन में बीजेपी से टिकट चाहने वाले पहुंचे। यहां बीजेपी की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार 25 सालों से सरकार में रहते हुए कार्य करते रहने पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ढोल-नगाड़ों के साथ पहुंचे समर्थक, गूंजे नारे शहर के फूल बाग परिसर में सुबह से अलग-अलग क्षेत्रों के कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों का पहुंचना शुरू हो गया। कांग्रेस प्रत्याशियों ने अपने समर्थकों के साथ पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह का माला पहनाकर और साफा बांधकर स्वागत किया। इस दौरान समर्थकों ने नेताओं के पक्ष में नारे लगाए। टिकट दावेदारों ने जितेंद्र सिंह को बायोडाटा सौंपते हुए क्षेत्र में किए सामाजिक और राजनीतिक कार्यों का ब्योरा दिया। दावेदारों का तर्क था कि उन्होंने लंबे समय से धरातल पर जनता के बीच रहकर काम किया है। ऐसे में पार्टी अगर उन्हें मौका देती है तो जीत तय है। चुनावी एजेंडा: पानी, सड़क और स्वास्थ्य सबसे बड़े मुद्दे कांग्रेस नेताओं ने ग्रामीण इलाकों में खस्ताहाल सड़क, पीने के पानी की किल्लत की सबसे अधिक परेशानी सामने रखी। ज्यादातर ने स्थानीय स्तर पर युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर नहीं मिलने की बात भी कही। बाद में पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह बोले- जिताऊ और टिकाऊ कार्यकर्ता को मौका मिलेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर चुनाव में जुटने का आह्वान करते हुए आश्वस्त किया कि पार्टी में समर्पित, जिताऊ और क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने वाले निष्ठावान कार्यकर्ताओं को ही प्राथमिकता दी जाएगी। मंत्री संजय शर्मा से मिले कार्यकर्ता नेहरू गार्डन में बीजेपी की ओर से आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं-पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल भाषण सुना। इस दौरान वन राज्य मंत्री संजय शर्मा से गांवों से आए पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मिले। इनमें कुछ पंचायत चुनाव लड़ने की दावेदारी कर रहे हैं। कई नेताओं ने मंत्री को बायोडाटा भी दिया।