अलवर जिले के रैणी इलाके में अज्ञात वाहन की टक्कर से लेपर्ड के शावक की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और वन विभाग को सूचना दी गई। यह हादसा गढ़ी सवाई राम इलाके में महुआ रोड पर पेट्रोल पंप के पास हुआ। शावक अपनी मां (मादा लेपर्ड) के साथ सड़क पार कर रहा था। जानकारी के अनुसार मादा लेपर्ड सड़क पार कर जंगल की ओर निकल गई और शावक पीछे रह गया। जैसे ही उसने सड़क पार करने की कोशिश की तभी महुआ की ओर से आ रहे अज्ञात वाहन ने शावक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी की वाहन भी अन बैलेंस हो गया। टक्कर के बाद शावक उछलकर दूर जा गिरा, जिससे उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम शावक की मौत की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने मृत शावक को अपने कब्जे में लिया और उसे अपने साथ ले गई। वन विभाग की ओर से शावक के शव का नियमानुसार पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा, जिसके बाद मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। गढ़ी सवाई राम से महुआ जाने वाली सड़क के आसपास वन क्षेत्र होने के कारण यहां अक्सर वन्यजीवों की आवाजाही रहती है। शावक की सड़क हादसे में मौत ने एक बार फिर वन्यजीवों के सड़क पर आने के दौरान होने वाले हादसों को लेकर चिंता बढ़ा दी है। वन विभाग की टीम घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है।