नागौर जिले के जायल थाना क्षेत्र के तरनाऊ गांव में सोमवार रात 10:30 बजे चुनावी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि स्कॉर्पियो सवार युवकों ने पूर्व प्रधान राजेश सांगवा के भांजे सुरेश और उसके साथियों की क्रेटा कार को टक्कर मारी। इसके बाद दो राउंड फायरिंग कर कार को जायल के पास सड़क किनारे आग लगा दी। घटना की सूचना पर एसपी आशाराम चौधरी सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस को घटनास्थल से दो कारतूस मिलने की जानकारी भी सामने आई है। बाला मार्केट के पास कार को मारी टक्कर जायल थानाधिकारी दिलीप सहल के अनुसार, पूर्व प्रधान राजेश सांगवा का भांजा सुरेश अपने साथियों के साथ क्रेटा कार में सांगवा होकर जा रहा था। इसी दौरान तरनाऊ के बाला मार्केट के पास स्कॉर्पियो सवार दिनेश डुकिया, सीताराम और उनके साथियों पर कार को जोरदार टक्कर मारने का आरोप है। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने दो राउंड फायरिंग की। फिर कार को वहां से ले जाकर जायल के काछबा चौराहे पर कार में आग लगा दी। आग की लपटों में कार बुरी तरह जल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और आसपास के क्षेत्रों से जाब्ता मौके पर पहुंचा। नगर पालिका चुनाव में टिकट को लेकर शुरू हुई थी नाराजगी पूर्व प्रधान राजेश सांगवा और दिनेश डुकिया कांग्रेस से जुड़े हैं। नगर पालिका चुनाव के दौरान दिनेश डुकिया टिकट की मांग कर रहे थे, लेकिन टिकट नहीं मिलने से नाराजगी बढ़ने की बात सामने आई है। अब पंचायतीराज चुनाव को लेकर भी राजनीतिक खींचतान की चर्चा है। इसी बीच हुई इस वारदात को चुनावी रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह और दोनों पक्षों की भूमिका पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। एसपी मौके पर पहुंचे, पुलिस ने संभाली स्थिति वारदात की गंभीरता को देखते हुए जायल, खींवसर और आसपास के क्षेत्रों से पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा। जिला पुलिस अधीक्षक आशाराम चौधरी ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी ली। पुलिस ने साक्ष्य जुटाए और गांव में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया। दोनों पक्षों के आरोपों की पड़ताल मामले में फायरिंग, कार को टक्कर मारने और आग लगाने जैसे गंभीर आरोप सामने आए हैं। एक पक्ष ने चुनावी माहौल बिगाड़ने और फंसाने की साजिश का आरोप भी लगाया है। पुलिस दोनों पक्षों से जुड़े तथ्यों और घटनाक्रम की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।