अलवर नगर निगम के वार्ड संख्या 33 से इस बार साधारण युवक विपिन जनता की पसंद बन गया है। बिना किसी सरकारी पद, मानदेय या लालच के 1 साल से निस्वार्थ सेवा कर रहे विपिन को पूरे मोहल्ले के लोगों ने चुनाव मैदान में उतारा है। सफाई पसंद विपिन रोजाना सुबह 100 से अधिक घरों के आगे खुद झाड़ू लगाता है। इसके अलावा दूसरे लोगों को भी सफाई के लिए प्रेरित करता है। इसके बाद अपने काम पर जाता है। सुबह 6:30 बजे सफाई, फिर रोजी-रोटी की भागदौड़ विपिन को अपने आसपास गंदगी पसंद नहीं है। सुबह साढ़े 6 बजे विपिन हाथ में झाड़ू लेकर निकल पड़ते हैं। पूरे वार्ड के मुख्य रास्तों और घरों के सामने की सफाई करते हैं। इसके बाद अपनी आजीविका के लिए दिनभर डिस्पोजल आइटम की सप्लाई का काम करते हैं। इससे पहले विपिन नारनौल (हरियाणा) में रहते थे। वहां पूरे मोहल्ले में खुद झाड़ू लगाते थे। मां ने टोका, पर जुनून के आगे हार मानी विपिन की मां उमा देवी ने बताया- शुरुआत में जब बेटे ने दूसरों के घरों के आगे गोबर और कचरा उठाना शुरू किया तो मैंने बहुत टोका, लेकिन वह नहीं माना। उसका कहना था कि गंदगी देखकर रहा नहीं जाता। वह बेहद सरल स्वभाव का है, अब तो पूरा मोहल्ला ही उसके साथ खड़ा है। वार्ड के लोगों की जुबानी वार्ड की महिला पूनम यादव ने कहा- अपनों के लिए तो हर कोई काम करता है, लेकिन विपिन पूरे वार्ड को अपना परिवार मानता है। रोज सफाई करने के साथ हमें भी जागरूक करता है। उसका व्यवहार इतना सहज है कि कोई भी काम कहो, मना नहीं करता। महिला कौशल्या देवी ने कहा- विपिन बेहद ईमानदार और सुलझा हुआ लड़का है। मोहल्ले की सभी महिलाएं तय कर चुकी हैं कि इस बार इसी को पार्षद बनाना है। अगर ऐसा इंसान जनप्रतिनिधि बनेगा तो हमारे वार्ड में पानी और सफाई की समस्याएं चुटकी में दूर होंगी। वार्ड के रहने वाले गिरीराज सिंह ने कहा- सरकारी सफाईकर्मी आए न आएं, विपिन बिना किसी स्वार्थ के झाड़ू लगाता है। पानी का संकट हो या कोई अन्य सार्वजनिक काम, विपिन हमेशा सबसे आगे खड़ा रहता है। ऐसा सच्चा सेवक ही हमारा असली नेता है।