कोटा सेंट्रल जेल में भी रक्षाबंधन का त्योहार मनाया गया। कैदी भाइयों को राखी बांधने के लिए दूर-दराज से बड़ी संख्या में महिलाएं जेल पहुंचीं। जेल परिसर के बाहर महिलाओं की लंबी कतारें नजर आईं। सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों सहित अतिरिक्त जाब्ता तैनात किया गया। बहनों ने भाइयों से अपराध का रास्ता छोड़ने और दोबारा गलत काम नहीं करने का संकल्प लिया। बहनों ने जेल में बंद अपने भाइयों का तिलक लगाकर राखी बांधी और मिठाई खिलाकर रक्षाबंधन मनाया। जेल प्रशासन की ओर से महिलाओं के बैठने, पीने के पानी और मेडिकल जांच की व्यवस्था की गई। जेल में प्रवेश से पहले महिलाओं द्वारा लाई गई मिठाई और अन्य सामान की जांच की गई। इस दौरान कई भावुक दृश्य भी देखने को मिले। जेल प्रशासन ने की व्यवस्था सेंट्रल जेल सुपरिंटेंडेंट भैरू सिंह ने बताया- बाहर से आने वाली महिलाओं के लिए टेंट लगाकर बैठने और पानी की व्यवस्था की गई है। नयापुरा थाने का अतिरिक्त पुलिस जाब्ता भी लगाया गया है। शाम 6 बजे तक कैदियों से मुलाकात और राखी बांधने का कार्यक्रम चलेगा। अब तक सैकड़ों बहनें अपने भाइयों को राखी बांध चुकी हैं। बहन ने कहा- भाई गुस्से पर काबू रखता तो साथ राखी मनाते एक बहन ने बताया- महज 10-15 मिनट के गुस्से के कारण मेरा भाई जेल पहुंच गया। वह तीन महीने से जेल में है और पूरा परिवार उसकी चिंता करता है। बहन ने कहा- अगर भाई गुस्से पर काबू रखता तो आज परिवार के साथ राखी मना रहा होता।