भारत-पाकिस्तान बॉर्डर से मिलिट्री इंटेलिजेंस (MI) और सीआईडी (CID) बीकानेर जोन की टीम ने बांग्लादेशी महिला को डिटेन किया। महिला को बीकानेर के अशोक नगर क्षेत्र स्थित तुलसी धारणिया स्कूल के पास एक डेरे से गुरुवार को पकड़ा गया। जांच में सामने आया कि महिला नीला(27) पत्नी सैफुमुल्ला निवासी जोरशेर, पोस्ट ऑफिस सालदांगा (बांग्लादेश) की रहने वाली है। CID को महिला का इनपुट मिला था, जिसके बाद कार्यवाही की गई। महिला से व्यास कॉलोनी थाना पुलिस पूछताछ कर रही है। सुरक्षा एजेंसियों की जांच में सामने आया है कि महिला करीब 8 महीने से भारत में रह रही है। उसके पास बांग्लादेश के दस्तावेज मिले हैं। एजेंसियां इस बात का पता लगा रही हैं कि महिला नीला भारत में किस रास्ते से आई थी। उसके पास पासपोर्ट या वीजा था या नहीं। बांग्लादेश के पते पर भी महिला के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, महिला के कथित तौर पर देह व्यापार से जुड़े होने की भी आशंका है। महिला किसी गिरोह या नेटवर्क के संपर्क में थी, इसकी भी जांच शुरू कर दी गई है। सुरक्षा एजेंसियां महिला के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल्स और संभावित बैंक खातों को खंगाल रही है। सुरक्षा एजेंसियां यह जानने की कोशिश कर रही हैं कि पिछले 8 महीने के दौरान वह किन लोगों से मिली, उसे आर्थिक सहयोग कहां से मिला और बीकानेर में उसे शरण देने में किन लोगों की भूमिका रही। महिला से पूछताछ कर रही पुलिस जेएनवीसी थाना अधिकारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि मामला विदेशी नागरिक के अवैध रूप से रहने और संवेदनशील सुरक्षा एजेंसियों से जुड़ा होने का है। ऐसे में महिला को डिटेन कर पूछताछ की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी भी मामले की जांच कर रहे हैं। महिला पुलिस हिरासत में है। पहले भी सामने आ चुके हैं मामले बीकानेर के सीमावर्ती इलाकों बज्जू, खाजूवाला और पूगल में सुरक्षा एजेंसियां लगातार नजर रख रही हैं। सीमा पार से होने वाली संदिग्ध गतिविधियों, सोशल मीडिया नेटवर्क और स्थानीय संपर्कों की जांच की जा रही है। बीकानेर के सीमावर्ती क्षेत्रों से पहले भी हनी ट्रैप, जासूसी और आईएसआई से जुड़े कई मामले सामने आ चुके हैं। अक्टूबर 2023 में दंतोर क्षेत्र के एक युवक को सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तानी महिला एजेंटों को सामरिक और गोपनीय जानकारी भेजने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। महाजन फील्ड फायरिंग रेंज मामले (2024-25) में सेना की गतिविधियों से जुड़ी जानकारी लीक करने के आरोप में एक कैंटीन संचालक, एक ई-मित्र संचालक और एक रेलवे कर्मचारी को पाकिस्तानी महिला एजेंटों के संपर्क में रहने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। फरवरी 2026 में खाजूवाला बॉर्डर पर ड्रोन से चीन निर्मित पिस्तौल और कारतूस गिराने का मामला भी सामने आया था। जांच में सीमा पार सक्रिय नेटवर्क की बात सामने आई थी। ……………………… ये खबर भी पढ़िए… पाकिस्तान में चल रहा बीकानेर के युवक का वॉट्सऐप:आतंकी शहजाद भट्‌टी गैंग तक पहुंचाया था ओटीपी; जानें क्यों अलर्ट रहती है सुरक्षा एजेंसियां बीकानेर में रहने वाले युवक के मोबाइल नंबर से पाकिस्तान में वॉट्सऐप चल रहा है। सिम एक्टिव करने के लिए जिस ओटीपी की जरूरत थी, वह बज्जू थाना क्षेत्र के गौड़ू गांव का रहने वाले अनिल कुमार (18) ने ही पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी गैंग तक पहुंचाया था। पूरी खबर पढ़िए