3 साल पहले खरीदी टाटा टियागो ईवी कार में लगातार आ रही खराबी से परेशान अधिकारी ने विरोध का अनोखा तरीका अपनाया। अलवर जिले के रैणी एसडीएम ऑफिस में अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी दीपक शर्मा ने अपनी EV कार पर लिखा -“टाटा की कार खरीदने से बढ़िया है गधा खरीद लेना, वजन तौलने के तो काम आएगा। टाटा क्लासिक मोटर्स अलवर से ये गधा मैंने 12 लाख में लिया है।” दीपक शर्मा मंगलवार को अपनी कार को अलवर शहर के हनुमान चौराहा स्थित टाटा क्लासिक मोटर्स शोरूम लेकर पहुंचे और कंपनी के खिलाफ नाराजगी जताई। दीपक आज सुबह शोरूम के सामने अपनी पत्नी और बच्चो सहित धरने पर बैठ गए। दीपक ने बताया कि उन्होंने करीब 3 साल पहले टाटा क्लासिक मोटर्स शोरूम से 12 लाख रुपए में टाटा टियागो कार खरीदी थी, जिसमें खरीदने के बाद से ही लगातार अलग-अलग तरह की खामियां आती रहीं। कभी बैटरी खराब होने, एसी में समस्या और एसेसरीज में खराबी को लेकर उन्होंने कई बार शोरूम में शिकायत की, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ। करीब तीन साल से कार को लेकर परेशान दीपक मंगलवार सुबह 9 बजे परिवार के साथ शोरूम पहुंच गए और कार खड़ी कर धरने पर बैठ गए। उन्होंने कंपनी के अधिकारियों से कार में आई खराबियों का जवाब मांगा और समाधान की मांग की। कंपनी ने 3 साल बाद लौटाई कार की पूरी रकम आज दोपहर करीब डेढ़ बजे कंपनी के कर्मचारियों ने दीपक से बातचीत की। इसके बाद कंपनी ने उनकी कार वापस ले ली और 12 लाख रुपए की पूरी रकम वापस कर दी। पैसे मिलने के बाद दीपक ने धरना समाप्त कर दिया। दीपक का कहना है कि लंबे समय से शिकायतों का समाधान नहीं होने के कारण उन्हें यह कदम उठाना पड़ा।