कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार शाम भगदड़ मचने से 19 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने आयोजकों समेत 12 लोगों को हिरासत में लिया है। हादसे के दौरान पंडाल में अंधेरा था, एंट्री-एग्जिट के रास्ते संकरे थे और बारिश के कारण भीड़ बढ़ गई थी। सप्तमी पर मां के दर्शन के लिए पहले से ही बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। बारिश शुरू होने पर लोग भीगने से बचने के लिए पंडाल के अंदर जमा होने लगे। भीड़ का दबाव बढ़ने से एग्जिट गेट का एक हिस्सा गिर गया। इसके बाद सुरक्षाकर्मी लोगों को बाहर निकलने का अनाउंसमेंट करने लगे, तभी भगदड़ मच गई। हादसे के दो दिन पहले ही इस पंडाल को पश्चिम बंगाल सरकार के ‘देवी दुर्गा सम्मान 2026’ से सम्मानित किया गया था। कोलकाता में सबसे खूबसूरत पंडाल के लिए इसे ‘बेस्ट ऑफ बेस्ट’ कैटेगरी में चुना गया था। इस कैटेगरी में कोलकाता के सिर्फ 3 पंडाल शामिल थे।