'मैं थक चुका हूं, अब सहन नहीं होता, पिछले कुछ दिनों से काम का अधिक दबाव बनाया जा रहा था और समय पर पूरा नहीं कर पाता तो करियर खराब करने की धमकी भी दी जाती थी। यह लिखकर भीलवाड़ा में प्राइवेट बैंक के सेल्स एग्जीक्यूटिव ने सुसाइड कर लिया। गोविंद खटीक (27) का शव रविवार की सुबह कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना जिले के गुलाबपुरा थाना क्षेत्र की है। गोविंद खटीक की अगले महीने नवंबर में शादी होने वाली थी। मृतक के भाई सुरेश खटीक की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गुलाबपुरा थाने के एएसआई मदन लाल ने बताया- मृतक के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उनसे अपने बैंक के मैनेजर पर काम का दबाव और परेशान करने का आरोप लगाया है। मृतक HDFC बैंक में सेल्स एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत था। बैंक मैनेजर पर मानसिक रुप से परेशान करने आरोप मृतक के भाई सुरेश खटीक ने रिपोर्ट में बताया- मेरा भाई पिछले 2 साल से एचडीएफसी बैंक की विजयनगर ब्रांच में काम करता था। आज सुबह 6.45 बजे जब बहन अनीता ने उसे आवाज दी तो कोई रेस्पॉन्स नहीं मिला। जब अनीता कमरे में गई तो गोविंद कमरे में लगे पंखे पर फंदे से लटका मिला। बहन के चीखने पर हम सब भाई को बचाने दौड़े और रस्सी काटकर उसे नीचे उतारा। उसके पास एक सुसाइड नोट भी पड़ा था। उसमें गोविंद ने एचडीएफसी बैंक मैनेजर धनराज मीणा पर मानसिक रुप से परेशान करने और काम का लगातार दबाव बनाने के बारे में लिखा था। सुरेश खटीक ने कहा- मेरे भाई की मौत फांसी के फंदे पर लटकने से हुई है। धनराज मीणा ब्रांच मैनेजर है, उस व्यक्ति के दबाव के कारण उसने सुसाइड किया है। आरोपी मैनेजर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया सूचना मिलने पर गुलाबपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अस्पताल की मॉर्च्युरी में भिजवाया। मृतक के भाई सुरेश कुमार ने पुलिस को रिपोर्ट दी है। जिसमें उसने एचडीएफसी बैंक के विजयनगर ब्रांच के मैनेजर पर अपने भाई को बैंकिंग काम को लेकर परेशान करने का आरोप लगाया है।