पंचायत समिति सदस्य के चुनाव के लिए आमजन से बातचीत करने गए सरपंच के बेटे सहित 7 जनों पर 24 से ज्यादा ग्रामीणों ने हमला कर दिया। आरोप है कि गांव के युवकों ने लाठियों से कारों के शीशे भी तोड़ दिए। इस हमले में सरपंच के बेटे के अंदरूनी चोट आई, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में अब घटना के वीडियो सामने आए हैं। घटना 26 सितंबर शाम करीब 7 बजे सैंथली गांव की है। मामले में सैंथली ग्राम पंचायत के सरपंच जोहरमल के बेटे इमरान ने मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि पुलिस ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की। देखिए घटना से जुड़े फोटो… सरपंच के बेटे इमरान ने बताया कि अलवर सदर थाना क्षेत्र के सैंथली गांव में पंचायत समिति सदस्य के चुनाव को लेकर एससी सामज सहित आमजन से रायशूमारी करने गए थे। इससे एक दिन पहले एससी समाज के लोगों ने चुनाव लड़ने के लिए उन्हें माला भी पहनाई थी। इमरान ने कहा कि 26 सितंबर शाम करीब 7 बजे वह गांव में आमजन से बातचीत कर रहे थे, तभी वहीद, फरीद, शरीफ, रुजदार, तालीम खां, शुभ्भा खां सहित 24 जनों ने लाठियों से उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि कइयों के पास हथियार भी थे। इमरान ने कहा कि आरोपियों ने हमें डराया-धमकाया। हमलावरों ने कहा कि गांव में उनकी अनुमति के बिना कोई नहीं आ सकता। वोट भी चाहिए तो भी पहले उनसे पूछना पड़ेगा। पीड़ित सरपंच पुत्र इमरान ने कहा कि मारपीट व हमला करने वालों में चंदबास व सैंथली गांव के आसपास के करीब 24 से ज्यादा लोग मौजूद थे। हमला करने वालों के खिलाफ सदर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। लेकिन पुलिस ने अभी कोई कार्रवाई नहीं की है। गांव में चिरखाना से इमरान, इकबाल, साहमत, अजमत, मुबारिक, शरीफ सहित अन्य लोग दो कारों में सवार होकर गए थे। सरपंच परिवार का आरोप है कि चंदबास व सैंथली के कुछ युवक टटलूबाजी का काम करते हैं। जिसे चाहे उसे धमकाते हैं। कुछ दिन पहले पुलिस भी इनमें से कुछ को उठा ले गई थी। लेकिन बाद में पुलिस ने छोड़ दिया। अब ये वापस ग्रामीणों को धमकाने लगे हैं। मारपीट करने वालों पर आरोप है कि ये चुनावों में आमजन को दबाकर खुद की दखलनदाजी चाहते हैं। उनकी यह चेतावनी है कि चुनावों में वोट के लिए उनकी अनुमति से ही कोई नेता आएगा। वरना अंजाम सही नहीं होगा। अब इस मामले में पुलिस जांच कर रही है।